हिमाचल: राशन डिपो में 25 फीसदी सस्ते मिलेंगे मसाले, फिनाइल और सूजी
प्रदेश सरकार की इस योजना से जहां लोगों को महंगाई की मार से थोड़ी राहत मिलेगी, वहीं खाद्य आपूर्ति निगम को भी फायदा होगा। जानकारी के मुताबिक प्रदेश में इस समय 19 लाख राशनकार्ड धारक हैं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के राशन डिपुओं में अब लोगों को रोजमर्रा की वस्तुएं बाजार से 25 फीसदी तक सस्ती मिलेंगी। चाय के बाद डिपुओं में टेलकम पाउडर, मसाले, फिनाइल, सूजी और मैदा भी सस्ती दरों पर मिलेगा। खाद्य आपूर्ति निगम ने अलग-अलग कंपनियों के साथ एमओयू साइन कर लिए हैं। मार्च महीने से उपभोक्ताओं के लिए यह सामान उपलब्ध होगा। प्रदेश सरकार की इस योजना से जहां लोगों को महंगाई की मार से थोड़ी राहत मिलेगी, वहीं खाद्य आपूर्ति निगम को भी फायदा होगा। जानकारी के मुताबिक प्रदेश में इस समय 19 लाख राशनकार्ड धारक हैं।
प्रदेश सरकार की ओर से इन्हें तीन दालें (मलका, माश और दाल चना), दो लीटर तेल (रिफाइंड और सरसों), 500 ग्राम प्रति व्यक्ति चीनी और एक किलो आयोडीन नमक सब्सिडी पर दिया जा रहा है। आटा और चावल केंद्र सरकार सब्सिडी पर उपलब्ध करा रही है। अब सरकार मार्केट रेट से कम दामों पर अन्य रोजमर्रा की वस्तुएं बेचने की तैयारी में है।
जिन कंपनियों के साथ एमओयू साइन हुए हैं, उन्हें उचित गुणवत्ता वाला सामान उपलब्ध कराने को कहा गया है। घटिया सामान सप्लाई करने पर कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। दरअसल डिपुओं में बेची जा रही चाय उपभोक्ताओं को खूब पसंद आ रही है। इसकी मांग बढ़ती जा रही है। ऐसे में सरकार ने अन्य सामान बेचने का फैसला लिया है।
राशन डिपुओं में अब बेहतर गुणवत्ता वाले मसाले, पाउडर व अन्य रोजमर्रा का सामान उपलब्ध कराया जा रहा है। यह खाद्य वस्तुएं और अन्य सामान बाजार से सस्ता होगा। - आरडी नजीम, प्रधान सचिव, खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले