कांग्रेस की जन चेतना यात्रा शुरू, शहीद की पत्नी ने दिखाई हरी झंडी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव की रणभेरी बजते ही प्रदेश में फिर वापसी की परीक्षा को पास करने के लिए कांग्रेस जुट गई है। प्रदेश कांग्रेस जन चेतना यात्रा से चारों संसदीय क्षेत्रों में लोगों तक अपनी बात पहुंचाएगी।
इसी कड़ी में मंगलवार को राजधानी से इस यात्रा का आगाज किया गया। वर्ष 2000 में कश्मीर में बिलासपुर के आईटीबीपी के शहीद गरजा राम की धर्मपत्नी सुनीता देवी ने यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया।
शिमला, सोलन और सिरमौर में यात्रा के बाद 14 मार्च को बद्दी में रैली के बाद इसका समापन होगा। 10 दिन के भीतर मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर संसदीय क्षेत्रों में भी यात्रा पूरी की जाएगी।
कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में मुकेश अग्निहोत्री, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल और मंडी संसदीय क्षेत्र में सभी नेता बड़ी रैली कर इस यात्रा का समापन करेंगे।
शहीदों के परिवारों के साथ है कांग्रेस: राठौर
प्रदेश कांग्रेस की जन चेतना यात्रा से पहले बिलासपुर जिले के शहीद आईटीबीपी के जवान गरजा राम की पत्नी सुनीता देवी को कांग्रेस ने मंगलवार को राजीव भवन में सम्मानित किया।
राठौर ने कहा कि कांग्रेस वीर सैनिकों ओर शहीदों के साथ खड़ी है और हमेशा खड़ी रहेगी। कांस्टेबल गरजा राम 2000 में श्रीनगर में शहीद हुए थे। शहीद की पत्नी सुनीता देवी को कांग्रेस पार्टी की ओर से शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश ही नहीं देश के शहीदों का पूरा सम्मान करती है। देश न तो इनकी कुर्बानी को भूल सकता है और न ही इनके कर्ज से मुक्त हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के वीर सैनिकों ओर शहीदों के मान सम्मान में कोई कमी न रहे। इसका हमें पूरा ध्यान रखना होगा।
बैठक में कार्यकर्ताओं को दिए टिप्स
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में जन चेतना यात्रा शुरू करने से पूर्व शिमला संसदीय क्षेत्र के ब्लॉक अध्यक्षों और सचिवों की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को मोदी और जयराम सरकार की विफलता से अवगत करवाना है।
जो वादे किए थे, वे आज दिन तक पूरे नहीं किए। राठौर ने नेताओं, पदाधिकारियों और विधायकों से कहा है कि वे चुनाव में जुट जाएं। यह चुनाव देश के लिए तो महत्वपूर्ण है ही, कांग्रेस के लिए भी परीक्षा का समय है। बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और सोलन के विधायक धनीराम शांडिल ने भी कार्यकर्ताओं को टिप्स दिए।