हिमाचल: CM सुक्खू बोले- मैं इलेक्ट्रिक कार में चलता हूं, हमने तो पहले ही कर रखी है काफिलों और खर्चो में कटौती
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि वे स्वयं इलेक्ट्रिक कार में सफर करते हैं जो काफी छोटी है और उसका खर्च पेट्रोल से भी कम है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का कहना है कि प्रदेश के राज्यपाल ने अगर अपने काफिले में वाहनों की कटौती की है तो यह स्वागत योग्य कदम है लेकिन प्रदेश सरकार पहले से ही बहुत से संसाधनों में कटौती करके आगे बढ़ रही है। बीती शाम मंडी में नगर निगम चुनावों के प्रचार के दौरान व्यापार मंडल के साथ बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि वे स्वयं इलेक्ट्रिक कार में सफर करते हैं जो काफी छोटी है और उसका खर्च पेट्रोल से भी कम है। उन्होंने अपने काफिले के अलावा मंत्रियों के काफिलों में भी पहले से ही कटौती कर रखी है। इसके अलावा मंत्रियों के वेतन में 30 प्रतिशत जबकि विधायकों के वेतन में 20 प्रतिशत की अस्थाई कटौती की गई है। सरकार के इन्हीं प्रयासों से प्रदेश आर्थिक रूप से आत्मनिर्भरता की तरफ आगे बढ़ रहा है।
सीएम सुक्खू ने विपक्षी दल भाजपा पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने अपने शासनकाल में फिजूलखर्ची करके प्रदेश की संपदा को लुटाने का काम किया है। हजारों करोड़ के भवन खड़े कर दिए गए जिनका आज कोई लाभ किसी को नहीं मिल रहा है। अब भाजपा सत्ता में आने के सपने देख रही है। लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि इसके लिए जनता की कसौटी पर खरा उतरना पड़ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल के लिए 1500 करोड़ के राहत पैकेज की घोषणा करके गए थे जोकि प्रदेश को आज दिन तक नहीं मिला। इस विषय पर किसी भी भाजपा नेता की जुबान नहीं खुलती। हम बोलते हैं और अपना हक लाकर दिखाते है। प्रदेश सरकार लगातार आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास कर रही है जिसके जल्द ही सार्थक परिणाम नजर आएंगे।
शिमला के कमला नेहरू अस्पताल से गायनी वार्ड को शिफ्ट करने पर हाईकोर्ट द्वारा लगाई गई रोक के सवाल पर सीएम सुक्खू ने कहा कि यह कोई बड़ा विषय नहीं है। गायनी वार्ड को आईजीएमसी में इसलिए शिफ्ट किया गया था ताकि वहां पर रोबोटिक सर्जरी हो सके। यह सब डॉक्टरों की मांग के अनुरूप ही किया गया था क्योंकि गायनी में रोबोटिक सर्जरी के बहुत ज्यादा फायदे हैं। अब कुछ लोग इस फैसले के विरूद्ध कोर्ट गए हैं। कोर्ट के फैसले का सरकार द्वारा अध्ययन किया जाएगा।
भाजपा नेता रात को देखते हैं सरकार गिराने का ख्वाब
मुख्यमंत्री सुक्खू ने धर्मशाला में कहा कि भाजपा नेता हर रात उनकी सरकार को गिराने का ख्वाब देखते हैं। लेकिन उनका यह सपना कभी पूरा नहीं होगा। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के एक साल में कभी भी कांग्रेस सरकार गिरने के हालिया बयान को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में सीएम ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेता भाजपा की नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने में लगे हैं। सुक्खू ने कहा कि राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन भाजपा को तोड़ने में लगे हुए हैं। गुटों में बंटी भाजपा पहले खुद का बिखराव रोकने पर ध्यान दे।
कांग्रेस ने नगर निकाय चुनावों में झोंकी ताकत
नगर निगमों और नगर निकायों के चुनावों को लेकर कांग्रेस ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। पार्टी ने मंडी, पालमपुर, धर्मशाला और सोलन में नुक्कड़ सभाओं और रोड शो से मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की। प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विदोन जिंटा ने बताया कि मुख्यमंत्री सुक्खू, अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पालमपुर में नुक्कड़ सभाओं और रोड शो से प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के अंतिम दिन धर्मशाला के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सोलन के गंज बाजार में आयोजित अंतिम चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। जिंटा ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनहित नीतियों और विकास कार्यों के कारण जनता का विश्वास कांग्रेस के साथ है और इसी आधार पर पार्टी चारों नगर निगमों में भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी।