फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Himachal: CM Sukhu said that the govt will try to ensure strict punishment for the murderer of the student.

Himachal: सीएम सुक्खू बोले- सरकार किसी को बचा नहीं रही, जो दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी

Tue, 14 Apr 2026 05:44 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला। Published by: Krishan Singh Updated Tue, 14 Apr 2026 05:44 PM IST
सार

मंगलवार को मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले की जांच में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। आरोपी नशे का आदी था, इसकी भी सूचना मिली है। जैसे ही इस मामले की सूचना मिली, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। 

विज्ञापन
Himachal: CM Sukhu said that the govt will try to ensure strict punishment for the murderer of the student.
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकाघाट में कॉलेज जा रही छात्रा की निर्मम हत्या करने वाले आरोपी को सरकार कड़ी सजा दिलाने का प्रयास करेगी। मंगलवार को मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले की जांच में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। आरोपी नशे का आदी था, इसकी भी सूचना मिली है। जैसे ही इस मामले की सूचना मिली, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस से इस पूरे मामले की रिपोर्ट भी ली है। आरोपी को अब कोर्ट सजा देगा, लेकिन इसे कड़ी सजा मिले, इसके लिए सरकार प्रयास करेगी। चेस्टर हिल मामले को लेकर विपक्ष की ओर से नौकरशाही पर नियंत्रण न होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सवाल जयराम से पूछना चाहिए कि आखिर नौकरशाही पर किसका नियंत्रण है। कहा कि इस मामले में कार्रवाई को लेकर डीसी को लिखा गया है। तथ्यों के आधार पर जो भी कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। आज भी बेटियों के सुरक्षित न होने को लेकर दिए महिला आयोग अध्यक्ष के बयान पर पूछे सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि अध्यक्ष ने किस संदर्भ में यह बात कही है। सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की है। इस तरह की घटना शर्मनाक है।

विज्ञापन


सीएम ने दी 10 लाख की सहायता, बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी उठाएंगे
 कॉलेज छात्राकांड में प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवार को राहत प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही पीड़ित परिवार के दो बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च भी सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री की ओर से दी गई इस सहायता में 5 लाख रुपये आवास निर्माण के लिए और 5 लाख रुपये घटना से प्रभावित परिवार की मदद के रूप में दिए गए हैं। यह घोषणा प्रदेश सरकार की तरफ से सरकाघाट कांग्रेस नेता पवन कुमार ठाकुर ने की। उन्होंने पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपये की नकद सहायता प्रदान की है। 
विज्ञापन

 

छात्रा की हत्या ने झकझोरा, सीएम सहित किसी मंत्री ने नहीं जताई संवेदना : जयराम
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नशे पर लगाम लगाने के लिए सरकार वॉकथाॅन करवाकर बैंड-बाजे बजा रही है। उन्होंने कहा कि सरकाघाट में छात्रा की निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है लेकिन सोमवार को मुख्यमंत्री सहित किसी भी मंत्री ने संवेदना नहीं जताई। जयराम ने अफसरशाही पर मुख्यमंत्री को ब्लैकमेल कर अपनी उंगलियों पर नचाने का आरोप लगाया। हिमाचल में भाजपा की सरकार बनते ही अफसरों और मंत्रियों के भ्रष्टाचार की जांच का करवाने का भी एलान किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों के कागज पहुंचना शुरू हो गए हैं। मंगलवार को शिमला में प्रेस वार्ता में नेता विपक्ष ने सरकाघाट मामले की उच्च स्तरीय जांच मांगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को अंदेशा है कि इस निर्मम हत्या के पीछे सिर्फ एक नशा करने वाला युवक नहीं हो सकता।

प्रदेश में एनडीपीएस के 6200 से अधिक मामले सामने आए: जयराम
अन्य लोगों के भी इस मामले में परिजनों ने शामिल होने का शक जताया है। कहा कि आरोपी के नशे में होने की बात सामने आ रही है, जो प्रदेश में बढ़ते नशे के खतरे को दर्शाता है। सरकार एक ओर नशे के खिलाफ अभियान चलाने का दावा करती है, दूसरी ओर ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। यदि हजारों युवाओं को नशे का आदी होना चिह्नित किया गया है, तो उनके पुनर्वास और रोकथाम के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में एनडीपीएस के 6200 से अधिक मामले सामने आए हैं और 66 लोगों की मौत नशे की ओवरडोज से हुई है। महिलाओं के खिलाफ अपराधों में भी लगातार वृद्धि हो रही है। जयराम ने कहा कि 19 साल की बेटी की इतनी निर्मम हत्या हो जाती है और सरकार की ओर से संवेदना के दो शब्द भी नहीं आते, यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। खराब सड़क व्यवस्था के कारण छात्रा को बस पकड़ने के लिए लंबी दूरी पैदल चलना पड़ता था, जो इस तरह की घटनाओं की संभावना को बढ़ाता है। जयराम ने आरोप लगाया कि प्रदेश में प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह से कमजोर हो चुका है और सरकार केवल राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त है।

विज्ञापन

अनुराग ठाकुर बोले- बेटी की निर्मम हत्या से प्रदेश शर्मसार, नींद से जागे कांग्रेस सरकार
 सरकाघाट में 19 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि दिनदिहाड़े यह वारदात हुई। राज्य की सरकार को नींद से जागना पड़ेगा। एक नहीं बल्कि अनेक लूटपाट, हत्या की घटनाएं सामने आ चुकी है आखिर प्रदेश में अपराधियों को सरकार का डर क्यों नहीं है। यह इसलिए हो रहा है क्योंकि नशा खुले में बिक रहा है।  उन्होंने कहा की यह घटना प्रदेश को शर्मसार करने वाली घटना है।  जिला के लग कढि़यार में वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद मीडिया कर्मियों के सवालों के जवाब में उन्होंने यह बातें कही।  उन्होंने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश के मुखिया भ्रष्टाचार, खनन माफिया, ड्रग माफिया सहित अन्य गतिविधियों में सम्मिलित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने से पीछे क्यों हट रहे हैं।

बड़े अधिकारियों के खिलाफ क्या मुख्यमंत्री की कलम नहीं चल रही: अनुराग
बड़े अधिकारियों के खिलाफ क्या मुख्यमंत्री की कलम नहीं चल रही है। आखिर डर किस बात है। क्या बड़े अधिकारियों को बचाने की कोशिश हो रही है या कांग्रेस के भी इन अधिकारियों से जुड़े हुए है। मुख्यमंत्री बताएं की आखिर हाथ क्यों कांप रहे और इनके खिलाफ क्यों कलम नहीं चल रही।  उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने दो वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को बर्खास्त कर भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की है लेकिन हिमाचल सरकार कार्रवाई से पीछे हट रही है।  उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा की केंद्र तथा 17 प्रदेशों की एनडीए सरकारों के प्रचार के खिलाफ अकेले चुनाव लड़ने के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि यह बयान ममता बनर्जी की बौखलाहट का ही नतीजा है। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोग ममता बनर्जी प्रशासन की तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार, भाई भतीजावाद के खिलाफ मतदान करेंगे और विधानसभा चुनाव में भाजपा को पूरा समर्थन दे रही है।

पढ़ने निकली बेटियां भी सुरक्षित नहीं : कंगना
 सांसद कंगना रणौत ने सरकाघाट में 19 वर्षीय छात्रा की हत्या को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की क्रूर घटनाएं न केवल मानवता को शर्मसार करती हैं, बल्कि समाज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में कंगना ने लिखा कि हालात इतने चिंताजनक हो गए हैं कि घर से पढ़ने निकली बेटियां भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते अपराध और अपराधियों के बुलंद होते हौसले इस बात का संकेत हैं कि कानून-व्यवस्था कहीं न कहीं कमजोर पड़ रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग की कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाए और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि बेटियां सुरक्षित माहौल में अपने सपनों को पूरा कर सकें। 

मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सरकाघाट में पीड़ित परिवार को बंधाया ढाढ़स
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार शाम सरकाघाट उपमंडल के नैण गांव पहुंचकर दिवंगत छात्रा के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को ढाढ़स बंधाया और इस दुख की घड़ी में सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की गहन जांच कर शीघ्र न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। इससे पहले विक्रमादित्य सिंह ने घटनास्थल का दौरा भी किया। इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर, राज्य जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव पवन ठाकुर व यदोपति ठाकुर, जिलाध्यक्ष चंपा ठाकुर, अनिल शर्मा, उपमंडलाधिकारी (ना.) राजेंद्र गौत्तम, डॉ. राहुल राव व अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed