{"_id":"60e5f9598ebc3ec25207cd9c","slug":"himachal-bjp-late-night-consultation-in-oak-over-to-get-feedback-on-the-preparation-for-the-by-election","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिमाचल भाजपा: उपचुनाव की तैयारी का फीडबैक लेने के लिए ओक ओवर में देर रात तक मंत्रणा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल भाजपा: उपचुनाव की तैयारी का फीडबैक लेने के लिए ओक ओवर में देर रात तक मंत्रणा
Thu, 08 Jul 2021 12:28 AM IST
Krishan Singh
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
Published by: Krishan Singh
Updated Thu, 08 Jul 2021 12:28 AM IST
सार
इस बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, जुब्बल-कोटखाई के चुनाव प्रभारी सुरेश भारद्वाज, मंत्री सुखराम चौधरी, डॉ. राजीव सैजल, संगठन महामंत्री पवन राणा आदि मौजूद हुए। इनकी मंत्रणा देर रात तक चली।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीट की तैयारी का फीडबैक लेने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सरकारी निवास ओकओवर में देर रात तक मंत्रणा चली। इस उपचुनाव के लिए समन्वयक बनाए गए डॉ. राजीव बिंदल इस बैठक में नहीं पहुंचे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान का राष्ट्रीय संयोजक होने के नाते उन्होंने खुद को नई दिल्ली में व्यस्त बताया। डॉ. बिंदल ने कहा कि 18 जुलाई तक उनकी इस अभियान में व्यस्तता रहेगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, जुब्बल-कोटखाई के चुनाव प्रभारी सुरेश भारद्वाज, मंत्री सुखराम चौधरी, डॉ. राजीव सैजल, संगठन महामंत्री पवन राणा आदि मौजूद हुए। इनकी मंत्रणा देर रात तक चली।
विज्ञापन
यह बैठक सीएम जयराम ठाकुर के कोटखाई दौरे से तीन दिन पहले हुई। 10 जुलाई को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कोटखाई जाने का कार्यक्रम है। सीएम जयराम ठाकुर वहां पंचायतीराज प्रतिनिधियों की बैठक लेंगे। सीएम जयराम ठाकुर का यह दौरा भी जुब्बल-कोटखाई उपचुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। यह मालूम रहे कि जुब्बल-कोटखाई में विधानसभा की यह सीट पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा के देहांत के बाद खाली हुई है। इस सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा की सबसे बड़ी चुनौती अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की है। यहां से स्वर्गीय नरेंद्र बरागटा के पुत्र चेतन बरागटा के अलावा नीलम सरैक, सुशांत देष्टा, प्रज्ज्वल बस्टा जैसे नेता टिकट की दावेदारी में हैं।
विज्ञापन
अब तक प्रभारी मंत्री ही फील्ड में थे, अब संगठन भी उतरेगा
जुब्बल-कोटखाई में अब तक प्रभारी और सह प्रभारी मंत्री ही फील्ड में रहे हैं। अब संगठन के नेता भी मैदान में उतरेंगे। बुधवार को भाजपा के इन दिग्गज नेताओं की मंत्रणा में यह तय हुआ कि आगामी दिनों में संगठन के नेता भी अपनी गतिविधियां इस क्षेत्र में बढ़ाएंगे। जुब्बल-कोटखाई विधानसभा हलका महासू संगठनात्मक जिला के तहत आता है। इस संगठनात्मक जिला के नेताओं की सक्रियता का भी संगठन आगामी दिनों में नोटिस लेगा। इसके अलावा मंडल भाजपा के नेताओं को भी सक्रियता से काम करने के निर्देश जारी किए जाएंगे।
विज्ञापन
सीएम ने प्रभारी मंत्रियों से पूछा, कोटखाई-जुब्बल की लंबित मांगेें क्या
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने फील्ड का दौरा कर लौटे प्रभारी और सह प्रभारी मंत्रियों से पूछा कि जुब्बल-कोटखाई के लोगों की मांगें क्या-क्या हैं। इन मांगों को तेजी से पूरा करने की बातें की गईं। सूत्रों के अनुसार प्रमुख मांगों में सेब सीजन के चलते सड़कों को दुरुस्त करना, पेयजल समस्या आदि शामिल हैं। इन पर तीव्रता से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। इस क्षेत्र के लोगों की अरसे से लंबित जुब्बल-कोटखाई मंडल खोलने की मांग पर भी चर्चा हुई। संभव है कि सरकार इस मांग पर आगामी दिनों में विचार करे।