चुनाव नतीजों से पहले बेफिक्र दिखे वीरभद्र, आधे दिन लॉन पर सेंकी धूप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनाव नतीजों से पहले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बेफिक्र दिखे। वीरभद्र ने आधे दिन लॉन पर धूप सेंकी और अपने समर्थकों से गपशप की। वीरभद्र सिंह सवेरे करीब 10 बजे के बाद ही अपने निजी निवास हॉली लाज के परिसर में आए। वहां उनके समर्थक पहले से ही इंतजार में बैठे थे।
बाहर लगी कुर्सियों पर बैठने के बाद सीएम वीरभद्र सिंह को उनके समर्थकों ने घेर लिया। ऊन का पट्टू पीठ पर ओढ़े वीरभद्र लोगों से चुनावी चर्चा करते रहे। वे दोपहर तक यहीं रहे। बोले कि चुनावी नतीजे भी वे अपने घर पर ही टीवी पर देखेंगे और सुनेंगे। कहीं मंदिर वगैरह भी गए या जाएंगे?
वीरभद्र इस पर घेरा डालकर बैठे लोगों की ओर इशारा करके बोले - यहीं समर्थकों के बीच ही मेरा मंदिर है और मैं यहीं रहूंगा। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में वीरभद्र ने विभिन्न चैनलों की ओर से एग्जिट पोल बढ़ा-चढ़ाकर दर्शाने की बात करने पर टिप्पणी की कि ये झूठे हैं। सोमवार को सच्चाई सामने आ जाएगी। तब तक सबको सब्र रखना चाहिए है।
धूमल पहले अपने सीट बचा लें, तभी तय करें अपना मंत्रिमंडल
वीरभद्र ने कहा कि गुजरात में चुनाव प्रचार में भी भाजपा ने पाकिस्तान के मुद्दे को भुनाते हुए निमभन स्तर का प्रचार किया। ईवीएम में गड़बड़ी की आशंका पर वीरभद्र ने कहा कि कोई मानता है कि इसमें धांधली हो सकती है।
कोई ये भी मानता है कि नहीं भी होती है। इसको लेकर दो पक्ष है। उन्होंने इस पर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की।
एक सवाल के जवाब में सीएम वीरभद्र सिंह बोले कि धूमल पहले सुजानपुर में अपनी सीट तो बचा लें, वे तभी अपने मंत्रिमंडल को तय करें। वीरभद्र ने ये बात धूमल की ओर से अपने मंत्रियों को तय कर लेने की चर्चा पर कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बन रही है।
विक्रमादित्य चुनाव जीतें तो ये उनकी पहली क्लास
वीरभद्र ने कहा कि विक्रमादित्य अगर चुनाव जीतते हैं तो ये उनकी पहली क्लास होगी। उन्होंने ये बात इस सवाल पर कही कि अगर सरकार कांग्रेस की बनती है तो क्या वे बेटे विक्रमादित्य को भी मंत्रिमंडल में शामिल करेंगे?
वीरभद्र के साथ बिताया समय
शिमला ग्रामीण विधानसभा सीट से सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह पहली बार चुनाव मैदान में हैं। विक्रमादित्य रविवार को हॉलीलाज स्थित अपने आवास पर ही रहे। पिता सीएम वीरभद्र सिंह के साथ पूरा दिन घर पर ही बिताया।
दिन के समय यहां पहुंचे पार्टी के कई पदाधिकारियों के साथ चुनावी नतीजों को लेकर हल्की चर्चा भी होती रही। सोमवार को भी विक्रमादित्य अपने आवास पर ही रहेंगे।