हिमाचल के इन शहरों के लिए इस दिन से शुरू होगी हेली टैक्सी सेवा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में हेलीटैक्सी चरण-दो का शुभारंभ अब 25 के बजाय 28 फरवरी को होगा। पवन हंस कंपनी का 11 सीटर हेलीकाप्टर सेवा देगा। चंडीगढ़ से शुरू होने वाली हेलीटैक्सी के तहत सूबे के तीनों हवाई अड्डों को कवर किया जाएगा।
कुल्लू-मनाली स्थित भुंतर एयरपोर्ट के लिए हफ्ते में मंगलवार, वीरवार और शनिवार को उड़ानें होंगी। पवन हंस का हेलीकाप्टर शिमला से आकर भुंतर में 12:15 बजे लैंड करेगा। आधे घंटे के बाद 12:45 बजे फिर उड़ान भरेगा।
जीएसटी के साथ शिमला से भुंतर का किराया 4570 रुपये प्रति सीट होगा। शिमला से धर्मशाला (गगल) के बीच हफ्ते में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उड़ानें होंगी। यहां का किराया 4970 रुपये निर्धारित किया है।
16 मिनट की चंडीगढ़-शिमला की उड़ान का किराया प्रति सीट 2880 रुपये होगा। रविवार को उड़ान नहीं होगी। भुंतर एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक एए अंसारी ने कहा कि पहले हेलीटैक्सी का शेड्यूल 25 फरवरी का जारी हुआ था, लेकिन अब किन्हीं कारणों से 28 फरवरी से सेवा शुरू होगी।
पर्यटन को लगेंगे पंख
हिमाचल में पर्यटन सीजन अमूमन अप्रैल से गति पकड़ता है। ऐसे में सीजन से एक माह पूर्व हेलीटैक्सी का शुरू होना पर्यटन कारोबारियों के लिए राहत की खबर है। होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर ने कहा कि जितनी अधिक हवाई सेवाएं होंगी, पर्यटन को उतना ही फायदा होगा।
मौसम ने रोकी दिल्ली-भुंतर की उड़ान
मंगलवार सुबह से घाटी में हो रही बर्फबारी व बारिश से दिल्ली से भुंतर की हवाई सेवा नहीं हो सकी है। लगातार मौसम खराब रहने से एयर इंडिया की उड़ानें रद्द हो रही हैं। मंगलवार को उड़ान रद्द होने से यात्रियों को परेशान होना पड़ा। कई जरूरतमंद लोगों को सड़क से दिल्ली के लिए रवाना होना पड़ा।