Himachal Assembly: शांडिल बोले- एंबुलेंस दान देने वालों को चालक भी देना चाहिए साथ
कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि एंबुलेंस दान देने वालों को चालक भी साथ देना चाहिए। प्रश्नकाल के दौरान विधायक चंद्रशेखर और राकेश जम्वाल ने एंबुलेंसों का सही लाभ नहीं मिलने का मामला उठाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि एंबुलेंस दान देने वालों को चालक भी साथ देना चाहिए। प्रश्नकाल के दौरान विधायक चंद्रशेखर और राकेश जम्वाल ने एंबुलेंसों का सही लाभ नहीं मिलने का मामला उठाया। विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा को राज्य सरकार अपने हाथ में ले। ग्रामीण क्षेत्रों में इसका लाभ नहीं मिल रहा है। विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज में पुराने विद्यार्थियों की ओर से दी गईं एंबुलेंस अभी तक खड़ी ही हैं। विधायक चंद्रशेखर ने पीजीआई चंडीगढ़ में पुलिस थाना खोलने की मांग उठाई।
कहा कि हादसा या जहर के सेवन से होने वाली मौत के बाद तीमारदार परेशान होते हैं। हिमाचल से पुलिस पहुंचने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाते हैं। पीजीआई में ही हिमाचल का पुलिस थाना खुलने से इस तरह की समस्याओं को दूर किया जा सकता है। ऑनलाइन ही पुलिस थाना जब प्रदेश के संबंधित क्षेत्रों से जानकारी ले लेंगे तो परिजनों को उस दुख की घड़ी में कुछ राहत मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने इस मामले पर विचार करने का आश्वासन दिया। एंबुलेंस मामले पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मैदानी क्षेत्रों में एक लाख की जनसंख्या और पहाड़ी क्षेत्रों में 70 हजार की आबादी पर एक 108 एंबुलेंस दी जाती है।
कार्यकर्ताओं का करेंगे युक्तिकरण, सरप्लस डाॅक्टर बदलेंगे
विधायक विनोद सुल्तानपुरी के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का युक्तिकरण किया जाएगा। सरप्लस डाॅक्टरों को भी बदलकर अन्य संस्थानों में भेजा जाएगा।
कागजों में ही लगे अधिक पानी के अधिक कनेक्शन
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कई विधायक कह रहे हैं कि जल जीवन मिशन के तहत पानी के अधिक कनेक्शन कागजों में ही लगे हैं। कांग्रेस विधायक मलेंद्र राजन के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में जरूरत के हिसाब से पानी के कनेक्शन लगा दिए जाएंगे। इंदौरा में 24,251 पेयजल नल कनेक्शन लगाए गए हैं। 1532 कनेक्शन लगाना शेष हैं।
आठ साल में 65 फीसदी हुआ आईआईएम धौलाकुआं का भवन निर्माण
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि बीते आठ साल में आईआईएम धौलाकुआं का 65 फीसदी भवन निर्माण हुआ है। सरकार की ओर से 1010-15 बीघा भूमि निर्माण के लिए निशुल्क दी गई। अब पता लगाया जाएगा कि संस्थान के निर्माण के लिए कितनी भूमि की आवश्यकता थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय लोगों के अधिकारों को भी सुरक्षित किया जाएगा। प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि चिह्नित स्थान से हटकर आईआईएम का निर्माण हो रहा है। गांवों के वैकल्पिक मार्ग इस कारण बंद हो रहे हैं। जवाब में तकनीकी शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2014 में धौलाकुआं को आईआईएम मिला। इसके लिए 392 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए। वैकल्पिक मार्गों के लिए अलग से सात करोड़ की राशि मंजूर की गई है। दो करोड़ रुपये लोकनिर्माण विभाग को जारी भी कर दिए गए हैं।