जमाबंदी बनवाने जा रहे हैं तो जरूर पढ़ें खबर..
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश में सोमवार को 400 पटवार सर्कलों के कामकाज पूरी तरह ठप रहा। पटवारियों ने अतिरिक्त कामकाज देख रहे पटवार सर्कलों की चाबियां तहसीलदारों को थमा दीं।
ऐसे में जमाबंदी तत्तीमा और अन्य राजस्व रिकार्ड संबंधित कार्यों के लिए जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह अभियान मंगलवार को भी जारी रहेगा।
सूबे के 700 से अधिक पटवार सर्कलों में पटवारियों के पद खाली चल रहे हैं, जिनका कामकाज मौजूदा पटवारी ही देख रहे हैं।
300 और पटवार सर्किल होंगे बंद
अभी प्रदेश में तकरीबन 300 और पटवार सर्कलों को बंद कराना है। जहां पर पटवारी हैं, वहां पर वह अपना नियमित काम करते रहेंगे। प्रदेश में कुल 2400 पटवार सर्कल हैं, जिसमें से पटवारियों के 700 पद खाली चल रहे हैं।
पटवारियों के इस कदम से सैकड़ों गांवों के लोगों को दिक्कतें आनी शुरू हो जाएंगी, लेकिन सोमवार तक हिमाचल सरकार को इसका इल्म नहीं था।
संयुक्त ग्रामीण राजस्व अधिकारी (पटवारी) एवं कानूनगो महासंघ की अपील पर प्रदेश के 400 पटवार सर्कलों के पटवारियों ने अपनी चाबियां सोमवार को नायब तहसीलदारों को सौंप दी हैं। महासंघ के पदाधिकारी दिलीप सिंह राणा ने बताया कि सोमवार को दोपहर दो बजे तक यह रिपोर्ट आ चुकी थी।
ये हैं पटवारियों की मांगे
सहायक दफ्तर कानून, भू सुधार पटवारी के पद बहाल हो।
चार पटवारियों पर एक कानूनगो रखा जाए।
नायब तहसीलदार पद पर सचिवालय कर्मियों की पदोन्नति न की जाए।
सरकार को नहीं जानकारी
राजस्व मंत्री हिमाचल प्रदेश कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि पटवार सर्कल बंद होने की कोई सूचना नहीं है। प्रधान सचिव राजस्व से भी बात हो चुकी है। कहीं से भी पटवार सर्कल बंद होने की कोई जानकारी नहीं है। पटवारियों की मांगों को जल्द ही पूरा कर दिया जाएगा।