पहाड़ों पर ताजा हिमपात, कई इलाकों में तूफान ने मचाई तबाही
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौसम के बदले मिजाज ने झुलसाती गर्मी से लोगों को राहत दी है। पहाड़ों पर ताजा हिमपात और निचले इलाकों में हो रही बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया है। हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार सुबह ताजा हिमपात हुआ है।
वहीं, निचले इलाकों में तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हुई। कई इलाकों में तूफान ने भी तबाही मचाई। बिलासपुर में तूफान के कारण कई घरों की छतें उड़ गई और दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। वहीं, सिरमौर के राजगढ़ इलाके में भी तूफान से पौधों और फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।
मंडी जिला के बरोट गांव में तूफान से करीब 10 घरों की छतें उड़ गई हैं। जिला में तूफान ने आधी रात को जमकर तबाही मचाई। सुंदरनगर में दर्जनों पेड़ गिरने से नुकसान हुआ है। हमीरपुर में भी तूफान से दुकानों, घरों और फसलों को नुकसान पहुंचा है।
वहीं, शिमला, सोलन, सिरमौर, हमीरपुर, कांगड़ा समेत ज्यादातर इलाकों में बारिश ने सूखे और गर्मी से बड़ी राहत दी है। शिमला और इसके आसपास के इलाकों में सुबह आठ बजे तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। प्रदेश में ताजा हिमपात और बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। तापमान 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है।
मोदी की रैली पर भी बारिश का साया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 27 अप्रैल को राजधानी शिमला में प्रस्तावित रैली पर बारिश का साया है। 27 अप्रैल को शिमला में बारिश होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते हिमाचल के मौसम में बदलाव आ रहा है।
27 अप्रैल तक शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कई क्षेत्रों में मौसम खराब रहेगा। उधर, शनिवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में अंधड़ चलने और ओलावृष्टि होने की चेतावनी जारी की गई है।
प्रदेश में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अंधड़ चलने और बारिश होने के बाद दोबारा तेज धूप खिली। पूरे प्रदेश में दिन भर मौसम साफ बना रहा। ऊना में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शिमला में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया गया।
सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 35.6, सोलन में 34.8, नाहन में 34.3, धर्मशाला में 33.2, कल्पा में 22.0, भुंतर में 33.0, हमीरपुर में 38.9, बिलासपुर में 39, मंडी में 32.5, कांगड़ा में 38.2 और मनाली में 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश में अधिकतम तापमान बढ़ने के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वीरवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 19.6, ऊना में 22.0, नाहन में 22.1, पालमपुर में 22.5, कांगड़ा में 22.4, मंडी में 18.4, हमीरपुर में 21.9, चंबा में 17.5 और धर्मशाला में 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।