कौन बनेगा करोड़पति के नाम पर ठगी, आ रहा है 25 लाख जीतने का मैसेज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाले रिएलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति के नाम पर लोगों से ठगी का खेल शुरू हो गया है। प्रदेश के लोगों को उनके व्हाट्सऐप नंबर पर केबीसी में 25 लाख रुपये जीतने के मैसेज आ रहे हैं। इसके अलावा लोगों को हिदायत दी जा रही है कि वे केवल व्हाट्सऐप कॉल के जरिये ही उनसे संपर्क करें।
यह भी कहा जा रहा है कि वे लॉटरी जीतने की बात किसी के साथ साझा न करें और न ही अपना मोबाइल फोन किसी को दें। लोगों को लुभावना ऑफर दिया जा रहा है कि लॉटरी जीतने के बाद केबीसी की टीम उनके घर आएगी और उन पर एक डॉक्यूमेंटरी तैयार की जाएगी।
अमर उजाला ने ऐसे की लाटरी की सच्चाई की पड़ताल
व्हाटसऐप पर आए इस मैसेज की सच्चाई जानने के लिए अमर उजाला के प्रतिनिधि ने 81708-48441 मोबाइल नंबर पर व्हाट्सऐप कॉल की तो फोन उठाने वाले व्यक्ति ने अपना नाम सरदार हरजीत सिंह और एसबीआई बैंक का मैनेजर बताया।
प्रतिनिधि ने उनसे 25 लाख रुपये की लॉटरी को हासिल करने की प्रक्रिया जाननी चाही तो उसने कहा कि आप सुबह आठ बजे कॉल करें। इसके बाद जब दूसरे दिन सरदार हरजीत सिंह को फोन किया तो उसने बताया कि जब वे किसी भी बैंक के सामने पहुंच जाएंगे तो वहां से उन्हें कॉल करें।
इसके बाद उस कथित बैंक मैनेजर को पुन: फोन किया तो उसने बताया कि उन्हें 25 लाख रुपये का इनाम पाने के लिए 10100 रुपये टैक्स के रूप में उनके बताए अकाउंट नंबर में जमा करवाने होंगे। इसके बाद रसीद उनके व्हाटसऐप नंबर पर भेजनी होगी। रसीद सेंड होते ही 15 मिनट बाद उनके बैंक अकाउंट में 25 लाख रुपये जमा हो जाएंगे।
पुलिस लोगों को लॉटरी और इनाम जीतने वाली फर्जी कॉल्स के बारे में समय-समय पर जागरूक करती रहती है। लोगों को इस तरह के लुभावने आफरों की ओर ध्यान नहीं देना चाहिए, अन्यथा उन्हें नुकसान झेलना पड़ सकता है। - संतोष पटियाल, एसएसपी कांगड़ा