घोषणा के बारह साल बाद आज रखी जाएगी हिमाचल केंद्रीय विवि की नींव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सियासी खींचतान में अटके हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय की घोषणा के करीब 12 साल बाद नींव रखी जाएगी। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर वीरवार को केंद्रीय विश्वविद्यालय के जदरांगल (धर्मशाला) और देहरा में कैंपस का शिलान्यास करेंगे।
2007 में कांगड़ा के लिए मिला यह केंद्रीय विवि धर्मशाला एवं देहरा के नाम पर खींचतान में अटका रहा। हालांकि, घोषणा के दो साल बाद 20 मार्च, 2009 को केंद्रीय विश्वविद्यालय की कक्षाएं अस्थायी परिसरों में शुरू हो गई थीं।
अभी चार जगह चल रही हैं कक्षाएं
धर्मशाला कांगड़ा संसदीय क्षेत्र एवं देहरा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में आता है। धर्मशाला या देहरा में सीयू स्थापित करने को लेकर लंबे समय से खींचतान के चलते 12 साल तक विवि के भवन तक का शिलान्यास नहीं हो सका। अब सरकार दोनों ही जगह सीयू कैंपस बनाने का फैसला लिया है।
वीरवार को केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर वीरवार सुबह साढे़ नौ बजे देहरा में केंद्रीय विवि के सप्त सिंधु परिसर का नींव पत्थर रखेंगे। देहरा में ही जनसभा होगी।
इसके बाद दोपहर को जदरांगल में सीयू के धौलाधार परिसर की आधारशिला रखेंगे। यहां भी शिलान्यास कार्यक्रम के बाद जनसभा होगी।वर्तमान में केंद्रीय विवि की कक्षाएं चार अस्थायी परिसरों में चल रही हैं।
इनमें शाहपुर के छतड़ी में कॉलेज भवन, बीएड कॉलेज धर्मशाला, बाल स्कूल धर्मशाला और देहरा में एक सराय में सीयू की कक्षाएं चल रही हैं। धर्मशाला में संस्कृति सदन भवन में सीयू के उपकुलपति का कार्यालय स्थापित किया गया है।