रामदेव की मुश्किलें बढ़ीं, पतंजलि के 10 उत्पादों के सैंपल लिए
योग गुरु बाबा रामदेव के पतंजलि आटा नूडल्स में कीड़े और देसी घी में फंगस मिलने के बाद राज्य सरकार के आदेश पर मंडी के नेरचौक और लोअर बिजनी में दस खाद्य उत्पादों के सैंपल भरे गए हैं। एफएसओ भविता टंडन ने टीम सहित पतंजलि योग पीठ के दो डिस्ट्रीब्यूटर्स के यहां निरीक्षण किया।
इस दौरान दाल, दलिया, घी, तेल, बिस्कुट, शहद और नमकीन समेत दस खाद्य सामग्रियों के सैंपल भरे गए हैं। जांच के लिए अब इन सैंपलों को जल्द ही कंडाघाट फूड टेस्टिंग लैब भेजा जाएगा। खाद्य पदार्थों के सैंपल फेल पाए गए तो सरकार सूबे में इन उत्पादों की बिक्री बंद कर देगी।
सैंपल फेल हुए तो बंद होगी उत्पादों की ब्रिकी
एफएसओ भविता टंडन ने बताया कि पतंजलि योग पीठ के दो डिस्ट्रीब्यूटर्स के स्टोर से सैंपल भरे गए हैं। उन्होंने बताया कि इन्हें जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि हरियाणा के जींद में पतंजलि आटा नूडल्स में कीड़ा मिलने के बाद हरिद्वार में गाय के देसी घी में फंगस लगने का मामला सामने था।
इस पर बीते शुक्रवार को सचिवालय में स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने विभाग के आला अफसरों से इस पर चर्चा की थी। बैठक में जगह-जगह सैंपल भरने के निर्देश दिए गए थे। मंत्री ने कहा था कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी फैसला लिया जाएगा। पतंजलि के अलावा अन्य कंपनियों के खाद्य पदार्थ भी जांच के दायरे में रखे गए हैं।
पांवटा में भरे सैंपल
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पांवटा में पतंजलि के मैगी नुडल्स और बिस्कुट का सैंपल भरा। फूड इंस्पेक्टर सतीश ठाकुर की अगुवाई में टीम ने पांवटा में पतंजलि योगपीठ के स्टोर से 2 खाद्य वस्तुओं के सैंपल भरे। टीम ने साथ ही पांवटा में टाटा नमक का भी सैंपल लिया।
सीएमओ सिरमौर डा. संजय शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि पतंजलि योगपीठ द्वारा तैयार किए गए बिस्कुट और नुडल्स का सैंपल लिया गया। विदित रहे कि बाबा रामदेव के स्टोर रूम में कई उत्पादों की शिकायत सरकार तक पहुंची थी। जिस पर सरकार ने सभी जिलों में स्वास्थ्य विभाग को सेंपल भरने के आदेश दिए थे। जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।