अवैध संबंधों का खौफनाक अंजाम: दिल्ली के पर्यटन कारोबारी ने पहले पत्नी के प्रेमी, फिर खुद को मारी गोली, दोनों की मौत
ऋषभ जब होटल के कमरा नंबर 102 में पहुंचा तो पत्नी रवलीन और सनी को संदिग्ध अवस्था में पाया। ऋषभ ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और उसके बाद उसके प्रेमी सनी की छाती में गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद ऋषभ ने अपनी कनपटी पर भी गोली चलाकर आत्महत्या कर ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पर्यटन नगरी मनाली के शूरू गांव में दिल्ली के एक पर्यटन कारोबारी ऋषभ ने पहले अपनी पत्नी रवलीन के प्रेमी सनी और फिर खुद को गोली मार ली, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। शूरू गांव के एक निजी होटल में यह वारदात शुक्रवार सुबह 4:00 बजे हुई। पुलिस ने हत्या के संबध में धारा 302 और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि शूरू गांव में जिस निजी होटल में वारदात हुई है, उस होटल को रवलीन कौर चावला (30) और उसकी बहन अशनीत कौर (24) ने छह महीने पहले लीज पर लिया है। रवलीन का पति ऋषभ सक्सेना (32) पुत्र प्रवीण सक्सेना निवासी ई-7 रोहिणी सेक्टर-7 दिल्ली बंजार के घियागी इलाके में पर्यटकों के लिए कैंपिंग साइट चलाता है। होटल के सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि सुबह 4:00 बजे ऋषभ हाथ में पिस्तौल लेकर होटल में दाखिल हुआ।
होटल के कुछ कमरों को जांचते हुए वह कमरा नंबर 102 में गया। वहां पर उसने अपनी पत्नी रवलीन और सनी शेरावत पुत्र कुलदीप कुमार निवासी आरजेड-डी 67 गली नंबर-3 मेन गोपाल नगर नजफगढ़ नई दिल्ली को कमरे में संदिग्ध अवस्था में पाया। सनी ने मनाली में लीज पर होटल ले रखा है। सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि यह वारदात अवैध संबंधों को लेकर हुई है।
ऋषभ ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और उसके बाद उसके प्रेमी सनी की छाती में गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद ऋषभ ने अपनी कनपटी पर भी गोली चलाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरा नंबर 102 का दरवाजा अंदर से बंद था। कमरे की पिछली बालकनी वाले दरवाजे से चेक किया तो दो व्यक्ति मृत पड़े थे, जिनमें से एक व्यक्ति नग्न अवस्था में था। होटल के कमरे के अंदर और बाहर दो-तीन पिस्तौल की गोलियां पड़ी मिलीं। घटना होटल के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
जांच के बाद पुलिस ने घटनास्थल को पूरी तरह से सील कर दिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि मृतकों के परिजनों को भी सूचित कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना में रवलीन भी घायल हुई। वह सिविल अस्पताल मनाली में उपचाराधीन है। पुलिस उपाधीक्षक मनाली हेमराज वर्मा की अगुवाई में पुलिस गहन जांच कर रही है।