दर्दनाक! ढारे समेत जिंदा जल गया छह साल का मासूम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला के ढली में दर्दनाक हादसा हो गया। ढारों में लगी आग में एक मासूम जिंदा जल गया। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय परिवारवाले क्रिसमस का जश्न मना रहे थे। पुलिस के अनुसार थाना ढली के तहत मशोबरा में शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे मजदूरों के ढारे में लगी आग में झुलसकर एक बच्चे की मौत हो गई। छह साल का बच्चा ढारे में अकेला ही था।
परिवार के अन्य सदस्य ढारे से थोड़ी दूर क्रिसमस का जश्न मनाने में व्यस्त थे। परिजनों ने एक व्यक्ति पर आग लगाने का शक जाहिर किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक पुलिस इसे एक हादसा मानकर ही चल रही है। आग लगने का पता चलते ही परिजन और पड़ोसी तुरंत वहां पहुंचे तथा आग बुझाने की कोशिश की।
लेकिन अंदर जाकर देखा तो निशांत आग में बुरी तरह झुलस चुका था। पिता ललित और मां मीना रात को ही बच्चे को आईजीएमसी लेकर आ गए। यहां चिकित्सकों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मशोबरा चौकी से गई पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पड़ोसी मजदूर पर आग लगाने का शक
पुलिस में झारखंड के रहने वाले बच्चे की मां और पिता के दर्ज बयान के मुताबिक क्रिसमस की रात को वे पड़ोस में ढारे में रहने वाले मजदूरों के साथ क्रिसमस मना रहे थे। इसी बीच करीब डेढ़ बजे उन्हें ढारे में आग लगने की भनक लगी। ढारे में मीना का छह साल का बच्चा सो रहा था। पड़ोसियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन निशांत तब तक बुरी तरह आग में झुलस चुका था।
मामले की छानबीन कर रही पुलिस के मुताबिक बच्चे की मां ने एक पड़ोसी पर आग लगाने का शक जाहिर किया है। शुक्रवार को किसी बात को लेकर उसके पति उस पड़ोसी से मारपीट हुई थी। पुलिस फिलहाल इसे एक हादसा मानकर चल रही है। पुलिस को मौके पर जली हुई तारें भी मिली है। इससे आग लगने का कारण शार्टसर्किट भी हो सकता है।
जांच टीम के मुताबिक मौके पर मिट्टी तेल की आधी भरी कैन भी ढारे में पाई गई है। मृतक बच्चे की मां के शक जाहिर करने पर पुलिस ने कारणों का पता लगाने को फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने पर ही आग लगने के असली कारणों का पता चल पाएगा।