क्वारंटीन केंद्रों में रखे लोगों को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान की जाएं: मुख्यमंत्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बात करते हुए निर्देश दिए कि क्वारंटीन केंद्रों में रखे गए लोगों को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान की जाएं, जिससे उन्हें किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए कि किसानों को फसल कटाई के दौरान सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाए। उनके उत्पादों के प्रापण के लिए भी उचित कदम उठाए जाएं।
उन्होंने बागवानों को पर्याप्त मात्रा में उनके घरों के समीप फफूंदनाशक और अन्य पौध संरक्षण सामग्री उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बागवानों को उनके उत्पादों की पैकिंग के लिए बॉक्स उपलब्ध करवाए जाएं। जयराम ठाकुर ने कहा कि लोगों को आवश्यक सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित बनाई जाए। उन्होंने अधिकारियों से अपने जिलों में लोगों को घरों पर ही आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए प्रणाली सुदृढ़ करने के लिए कहा, जिससे लोगों को अपनी जरूरतों का सामान खरीदने के लिए घरों से बाहर आने की जरूरत नहीं रहे।
उन्होंने जमाखोरी और मुनाफाखोरी पर भी कड़ी नजर रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अब तक 1113 लोगों की कोविड-19 की जांच की गई है जिनमें से 32 की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई । इन 32 लोगों में से 12 मरीजों का इलाज हो चुका है, चार प्रदेश से बाहर जा चुके हैं और एक की मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में कोविड-19 के केवल 15 एक्टिव मामले हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के पांच जिलों में कोविड-19 के मामले पाए गए हैं, जिनमें 14 मामले जिला ऊना, नौ जिला सोलन, चार चंबा, चार कांगड़ा व एक मामला जिला सिरमौर में सामने आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के बागवानों को कृषि संरक्षण सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाने के प्रबंध किए हैं। पंचायती राज संस्थानों और शहरी स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों को लोगों को घर पर आवश्यक वस्तुएं पहुंचाने में सहयोग करने के लिए जोड़ा गया है।
प्रदेश में कोरोना वायरस के 15 एक्टिव मामले
सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए तब्लीगी जमात से जुड़े हुए लोगों की ओर से पिछले दिनों की गई यात्रा और उनके संपर्क में आने वाले लोगों को ढूंढने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना वायरस के 15 एक्टिव मामलों में से 13 तब्लीगी जमात से जुड़े और उनके संपर्क में आए लोगों के हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति पर नजर रखने के लिए वह स्वयं प्रतिदिन जिला उपायुक्तों और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य की दुकानों पर खाद्य सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और आवश्यक सामग्री के परिवहन में लगे वाहनों को सुचारू रूप से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और अन्य अग्रणी पंक्ति के कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाई जा रही है।
केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने भी अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। राज्य भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में इस महामारी को समय पर रोकने के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों और निर्णयों की सराहना की। राज्य भाजपा संगठन सचिव पवन राणा ने भी इस अवसर पर अपने सुझाव दिए।