अचानक थाने में पहुंचे डीजीपी सीता राम मरडी, स्टाफ पर बरसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डीजीपी सीता राम मरडी ने मंगलवार को सोलन पुलिस थाना का औचक निरीक्षण किया। डीजीपी ने थाना प्रभारी से मालखाने समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पूछताछ की। उन्होंने रिकॉर्ड रूम, एफआईआर की ऑनलाइन व्यवस्था और लंबित मामलों को लेकर बातचीत की।
इस दौरान मालखाने कई खामियां उजागर हुई। डीजीपी ने थाना प्रभारी को जल्द से जल्द कमियां सुधारने के निर्देश दिए हैं। सदर थाना में रंगरोगन करवाने को भी कहा गया है। डीजीपी ने लंबित मामलों को साप्ताहिक आधार पर निपटाने के आदेश भी थाना प्रभारी को दिए।
इस पर थाना प्रभारी ने इन सभी कमियों को जल्द सुधार लेने की बात कही। डीजीपी सीता राम मरडी ने कहा कि थानों की हालत और प्रभारियों की जांच पड़ताल के लिए औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं।
अभियान के मद्देनजर मंगलवार को सोलन थाने का निरीक्षण किया गया। सदर थाना के मालखाने में अनियमितताएं मिली हैं। एफआईआर से जुड़ा डाटा लंबित मिला है। उन्होंने बताया कि डाटा की नियमित रूप से एंट्री करने को कहा गया है।
अलर्ट पर रहें प्रभारी, कभी भी हो सकता है निरीक्षण : डीजीपी
डीजीपी सीता राम मरडी ने कहा कि भविष्य में औचक निरीक्षण का अभियान जारी रहेगा। जहां खामियां पाई जाएंगी। वहां के स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी अलर्ट पर रहें।
नाइजीरियन पकड़ने पर थपथपाई एसपी की पीठ
डीजीपी सीता राम मरडी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जिला भर में अपराध और उस पर कार्रवाई की फीडबैक भी ली। सोलन पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में दो नाइजीरियन आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा और टीम को बधाई दी।
बैरियरों पर मजबूत होगा अब पुलिस का पहरा
पंजाब और हरियाणा की सीमा से सटे इलाकों में सुरक्षा हाइटेक होगी। पुलिस विभाग बैरियर पर उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे लगाने जा रहा है। बैरियर पर कांटों से भरी क्रॉसिंग का भी बंदोबस्त रहेगा। इसका खुलासा डीजीपी सीताराम मरडी ने सोलन में किया।
उन्होंने बताया कि बैरियर पर अब विदेशों की तर्ज पर सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे। इसमें पुलिस ज्यादा से ज्यादा फोर्स दिखाने की जगह तकनीकी पहलुओं पर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि अकसर हिमाचल, हरियाणा और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी दूसरी सीमाओं में प्रवेश कर जाते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस फोर्स बढ़ाने को लेकर भी मंत्रणा जारी है।
इस दिशा में जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यदि जिले से पुलिस अधीक्षक कहीं नई चौकी खोलने की मांग मुख्यालय को भेजता है तो उस पर विचार किया जाएगा। जरूरी हुआ तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।