पहाड़ियों में ट्रैकिंग पर निकला दिल्ली का पर्यटक लापता
पर्यटन नगरी मनाली के जगतसुख भनारा की पहाड़ियों में दिल्ली का एक पर्यटक लापता हो गया है। नई दिल्ली की फ्रेंड कॉलोनी का रहने वाला अखिल चड्ढा (30) अपने दोस्तों के साथ मनाली घूमने आया था। यहां से वह अपने दोस्तों के साथ हामटा दर्रे के लिए ट्रैकिंग पर निकल गया।
इस बीच वह दस अप्रैल को अपना फोन दोस्तों के पास छोड़कर जगतसुख से वापस आ गया था। इसके बाद अखिल का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने पर्यटक के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रेस्क्यू टीम सहित पुलिस के जवानों ने लापता पर्यटक का सुराग लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
नहीं लगा कोई सुराग
पुलिस के अनुसार अखिल का कोई सुराग न लगने पर उसके दोस्त ईशान ने बुधवार को मनाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फोन साथ न होने के चलते लापता का सुराग नहीं लग पा रहा है।
पुलिस ने लापता पर्यटक का फोटो भी जारी कर दिया है और लोगों से पर्यटक की सूचना थाने में देने का आग्रह किया है। एसपी कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि लापता पर्यटक को ढूंढने के लिए सर्च आपरेशन चलाया गया है।