भारत और पाकिस्तान में तनाव बढ़ने से हिमाचल में हवाई उड़ानें रद्द, हाई अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीओके में आतंकी ठिकानों पर भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक के बाद भारत-पाक के बढ़े तनाव के बीच हिमाचल के तीनों हवाई अड्डों पर चौकसी बढ़ा दी गई है। युद्ध जैसे हालात के बीच बुधवार को शिमला के जुब्बड़हट्टी, कुल्लू के भुंतर और धर्मशाला के गगल के लिए उड़ानें रद्द कर दी गईं।
हालांकि, दोपहर बाद उड़ानें चालू रखने के लिए अनुमति दे दी गई है। हाई अलर्ट के बीच राज्य सरकार ने भी दोपहर बाद आपात बैठक बुलाई। बैठक में संवेदनशील इलाकों, बिजली परियोजनाओं, शक्तिपीठों, प्रदेश से लगती सीमाओं पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।
उधर, गगल एयरपोर्ट बंद होने के कारण कांगड़ा पहुंचे राज्यपाल आचार्य देवव्रत को सड़क मार्ग से शिमला लौटना पड़ा। हवाई सेवाएं बंद होने के कारण मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का पालमपुर दौरा भी रद्द करना पड़ा।
परियोजनाओं में पहले से ज्यादा चौकसी
बिलासपुर के हरनोड़ा स्थित कोलबांध बिजली परियोजना में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। यहां पर पहले से ज्यादा चौकसी बढ़ा दी गई है। हर संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की तलाशी ली जा रही है।
बिलासपुर जिला के साथ पंजाब राज्य की सीमा लगती है। जहां से पहले भी हथियार बंद बदमाश हिमाचल में घुस कर हुड़दंग मचा चुके है। जबकि यहां पर पंजाब की पुलिस बदमाशों का एनकाउंटर भी कर चुकी है।
पुलवामा में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत की ओर से हुई एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान से बढ़ते तनाव के मद्देनजर प्रदेश के सभी पनविद्युत प्रोजेक्टों में सुरक्षा व्यवस्था चाकचौंबद कर दी गई है।
राज्य विद्युत परिषद की 126 मेगावाट के लारजी प्रोजेक्ट में आगंतुकों की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी है, वहीं चंडीगढ़-मनाली राजमार्ग पर बनी देश की सबसे बड़ी यातायात टनल लारजी की सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
गश्त के साथ-साथ पुलिस और खुफिया एजेंसियों के जवान व अधिकारी हर शख्स की गतिविधियों पर पैनी निगाह रखे हुए हैं। परियोजना की सुरक्षा में लगी एजेंसियों ने इसके लिए स्थानीय जनता से भी सहयोग की अपील की है।
डलहौजी कैंट एरिया में चाक चौबंद रही सुरक्षा
कैंट एरिया डलहौजी, एयरफोर्स स्टेशन गांधी चौक, डेनकुंड एयरफोर्स स्टेशन में हाई अलर्ट के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद होने से बाहरी राज्यों के लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहा।
तुन्नूहट्टी बैरियर सहित अन्य सुरक्षा चौकियों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रूटीन चेकिंग की जा रही है। जम्मू-कश्मीर से सटी सीमा पर चौकियों, कैंट एरिया डलहौजी, एयरफोर्स स्टेशन गांधी चौक, डेनकुंड एयरफोर्स स्टेशन में हाई अलर्ट जारी किया है।
बुधवार को जेएंडके सीमा से सटे क्षेत्रों और सुरक्षा चौकियों में अलर्ट रहा। अज्ञात व्यक्ति को एयरफोर्स स्टेशनों तथा कैंट एरिया के इर्द-गिर्द गुजरने पर प्रतिबंध रहा। स्थानीय लोगों की कैंट एरिया के परिक्षेत्र से बाहर सड़क से आवाजाही बंद नहीं की गई है।
जिला चंबा का 64 किलोमीटर सीमांत क्षेत्र जम्मू-कश्मीर के साथ लगता है। वर्ष 1998 में आतंकवादियों ने सतरूंडी और कालावन में 35 निहत्थे मजदूरों को गोलियों से भून दिया था।
हालांकि, इसके बाद आतंकियों ने इस क्षेत्र में कभी घुसने की हिमाकत नहीं की, लेकिन हाई अलर्ट के बाद जवान सरहदों की निगरानी करने को चौकस हैं। किहार और तीसा सेक्टर के अधीन सुरक्षा चौकियों में नियमित पेट्रोलिंग कर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की सीमा से सटे क्षेत्रों में स्थित सुरक्षा चौकियों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
गगल एयरपोर्ट पर बढ़ाई सुरक्षा
पाक अधिकृत कश्मीर में भारतीय वायु सेना की कार्रवाई के बाद गगल एयरपोर्ट पर भी हाई अलर्ट घोषित किया गया है। इस कारण एयर इंडिया की फ्लाइट रद्द कर दी गई। एक कार्यक्रम के चलते कांगड़ा पहुंचे राज्यपाल आचार्य देवव्रत को भी सड़क मार्ग से शिमला जाना पड़ा।
गगल एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह अलर्ट जारी कर दिया गया। एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट की फ्लाइट तो उतरी, लेकिन एयर इंडिया की फ्लाइट को रद्द करना पड़ा। कांगड़ा में कार्यक्रम खत्म होने के बाद राज्यपाल को कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से शिमला रवाना किया गया।
हवाई सेवाएं बंद होने का असर पालमपुर में मुख्यमंत्री के दौरे पर भी पड़ा। मुख्यमंत्री को वीडियो कांफ्रेंसिंग से परियोजनाओं का शिलान्यास करना पड़ा। गगल एयरपोर्ट के निदेशक किशोर शर्मा ने बताया कि अलर्ट के चलते एयरपोर्ट को सील कर दिया गया है।
सुरक्षा कर्मियों सहित पुलिस नफरी को भी बढ़ाया गया है। एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले यात्रियों और स्टाफ को भी जांच-पड़ताल के बाद एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
एयर इंडिया के मैनेजर मिलन ने बताया कि हिमाचल में हवाई सेवाएं बंद होने के कारण बुधवार को एयर इंडिया का विमान नहीं उतर सका। यात्री सड़क मार्ग से अपने गंतव्य स्थानों तक पहुंचे।
भाखड़ा डैम की सुरक्षा बढ़ाई
वायु सेना द्वारा पाकिस्तान स्थित आतंकवादियों के ठिकानों पर हमला करने और सीमा पर तनाव के चलते भाखड़ा बांध की सुरक्षा को और मजबूत किए जाने की जानकारी मिली है।
भाखड़ा बांध जाने वाले समस्त मार्गों के नाकों पर सुरक्षा कर्मियों आने जाने वालों की अच्छी तरह चेकिंग कर रहे हैं। भाखड़ा बांध ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारियों को भी पहचान पत्र साथ रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
भाखड़ा बांध की ओर जाने वाले बरमला चेक पोस्ट, ग्वालथाई चेक पोस्ट व भाखड़ा बांध के निकट भी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ाने की जानकारी भी मिली है।
बीबीएमबी के मुख्य अभियंता अश्वनी कुमार अग्रवाल से सब सामान्य होने की बात कही। भाखड़ा बांध के सुरक्षा अधिकारी शमशेर सिंह ने कहा कि भाखड़ा बांध की सुरक्षा अकसर कड़ी रहती है लेकिन हालात को देखते हुए कुछ चौकसी बढ़ाई गई है।
सोलन में दूसरे दिन भी अलर्ट रही सेना, पुलिस ने बढ़ाई चौकसी
पाकिस्तान में पनप रहे आतंकवादी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक के बाद जारी अलर्ट का असर लगातार दूसरे दिन भी देखने को मिला। जिले के तीनों छावनी क्षेत्रों में सीमित हलचल रही। बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
जिले के भीतर पुलिस ने भी अलर्ट जारी किया है। भीड़ भरी जगहों पर सजग रहने की सलाह दी जा रही है। किसी भी तरह के संदिग्ध दिखने पर इसकी तत्काल सूचना पुलिस को देने की बात कही है। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर बसे सीआरपीएफ कैंप में जवान चुस्त-दुरुस्त नजर आए।
सीआरपीएफ कमांडेंट नवीन कुमार ने बताया कि जवान हर चुनौती से निपटने में सक्षम और पूरी तरह से तैयार हैं। पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा ने कहा कि लोगों को भी मुस्तैदी दिखानी होगी। भीड़ भरी जगहों पर एहतियात बरतने की जरूरत है।
दिल्ली-भुंतर हवाई सेवा रद्द
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच बुधवार को भुंतर स्थित कुल्लू-मनाली हवाई अड्डे को बंद कर दिया था। इस कारण दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की 72 सीटर विमान सेवा को भी रद्द करना पड़ा। सुबह से शाम चार बजे तक हवाई अड्डे को बंद रखा गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम रखे गए। शाम के समय स्थिति सामान्य हुई। वीरवार को हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद है। दिल्ली जाने वाली कई सवारियां भी हवाई अड्डे पर पहुंच गई थीं। उपायुक्त को भी दिल्ली में 28 फरवरी को राष्ट्रीय अवार्ड लेने के लिए जाना था।
उन्हें दोपहर बाद सड़क मार्ग से दिल्ली जाना पड़ा। कई यात्री भी सड़क रास्ते से गए। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ी तनातनी से जिलावासी दिनभर टीवी के सामने बैठे रहे। कुल्लू में भी मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे के बाद कई लोगों ने भारतीय लड़ाकू विमानों की आवाज सुनी।
राजेंद्र, विनोद, सुमित, रोहित तथा भीम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने लड़ाकू विमानों की आवाज सुनी। एयरपोर्ट अथॉरिटी भुंतर के निदेशक एए अंसारी ने कहा कि सुबह से शाम तक भुंतर हवाई अड्डे को पूरी तरह बंद रखा गया था।