{"_id":"63380df934af056b5a1e1050","slug":"defense-secretaryajay-kumar-said-that-40-thousand-agniveers-are-being-recruited-in-the-country-this-year","type":"story","status":"publish","title_hn":"Agniveer Recruitment: रक्षा सचिव बोले- देशभर में इस साल 40 हजार अग्निवीर होंगे भर्ती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Agniveer Recruitment: रक्षा सचिव बोले- देशभर में इस साल 40 हजार अग्निवीर होंगे भर्ती
Sat, 01 Oct 2022 09:24 PM IST
Krishan Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, मंडी
संवाद न्यूज एजेंसी, मंडी
Published by: Krishan Singh
Updated Sat, 01 Oct 2022 09:24 PM IST
सार
भर्ती में पहुंचे युवाओं का उत्साह बढ़ाने के बाद रक्षा सचिव ने पत्रकारों से कहा कि पहले चरण में 25,000 और दूसरे चरण में 15,000 युवा भर्ती किए जाएंगे।
विज्ञापन
मंडी में भर्ती रैली के निरीक्षण करने पहुंचे रक्षा सचिव डॉ. अजय कुमार।
- फोटो : संवाद
विस्तार
देश में इस वर्ष अग्निपथ योजना के तहत पहले चरण में 40 हजार अग्निवीर भर्ती किए जाएंगे। यह जानकारी रक्षा सचिव डॉ. अजय कुमार ने मंडी में दी। रक्षा सचिव ने मंडी के पड्डल मैदान में चल रही अग्निवीर भर्ती के लिए किए गए प्रबंधों का निरीक्षण किया। भर्ती में पहुंचे युवाओं का उत्साह बढ़ाने के बाद रक्षा सचिव ने पत्रकारों से कहा कि पहले चरण में 25,000 और दूसरे चरण में 15,000 युवा भर्ती किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अग्निपथ योजना में देश में अब तक 36 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। हिमाचल में अग्निवीर के लिए चार भर्ती रैलियां करवाई जा रही हैं।
विज्ञापन
भर्ती कार्यालय ने पड्डल में मानक संचालन प्रक्रिया के मुताबिक पर्याप्त प्रबंध किए हैं। इससे पहले रक्षा सचिव ने भर्ती के लिए आयोजित दौड़ के लिए पड्डल में अभ्यर्थियों को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। तमाम प्रक्रिया आधुनिक तकनीक से जोड़ी गई है, ताकि कोई गड़बड़ी न हो। इस दौरान उपायुक्त अरिंदम चौधरी, उप महानिदेशक भर्ती अंबाला जोन बिग्रेडियर मनोज कुमार और आर्मी भर्ती कार्यालय के निदेशक अविनाश नाथ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
पड्डल मैदान में दूसरे दिन 2,300 युवाओं ने बहाया पसीना
मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के दूसरे दिन जोगिंद्रनगर और धर्मपुर के 2,300 युवाओं ने भाग लिया और मैदान पर पसीना बहाया। उन्होंने मैदान पर भारी उत्साह दिखाया और बड़े जोश के साथ मैदान में सभी शारीरिक परीक्षाओं से पार पाने का प्रयास किया। इस बीच, अधिकतर युवा मैदान की बाधाओं को पार करने में भी सफल हुए। एक अक्तूबर को हुई भर्ती में चयनित युवाओं की चिकित्सा परीक्षा दो अक्तूबर की सुबह शुरू होगी। सुबह पांच बजे मैदान पर भर्ती के लिए दौड़ शुरू हो गई। दोपहर तक मैदान में भर्ती की प्रक्रिया चलती रही। इससे पहले चार बजे से ही मैदान में युवा पहुंचना शुरू हो गए और सेना के अधिकारियों ने उन्हें पूरी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद मैदान में प्रवेश दिया। उधर, एआरओ कर्नल एएस नाथ ने बताया कि दो अक्तूबर को मंडी जिले की अन्य तहसीलों सरकाघाट, बालीचौकी, निहरी, संधोल और भदरोता के लगभग 2,200 युवा भाग लेंगे।
विज्ञापन