योगेश सुसाइड केस: झूठे रेप केस में फंसाने की एवज में महिला ने मांगे 20 लाख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आत्महत्या के एक मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस को मृतक की पत्नी ने एक सुसाइड नोट सौंपा, जिसमें यह बात सामने आई कि उसके पति की मौत का कारण एक महिला बनी। कथित महिला ने उसके पति को दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की एवज में उससे 20 लाख रुपये की मांग की थी। लिहाजा, पति ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मामला 11 मई का है।
नाहन शहर के योगेश कुमार ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। वाल्मीकि बस्ती निवासी योगेश शिलाई उपमंडल की जेएमआईसी में चतुर्थ श्रेणी के पद पर तैनात था। इस मामले में तब नया मोड़ आया, जब मृतक योगेश की पत्नी किरण ने कच्चा टैंक पुलिस चौकी में घर से बरामद हुआ सुसाइड नोट पुलिस को सौंपा। बरामद किए गए सुसाइड नोट के बाद कच्चा टैंक पुलिस ने सिरमौर के राजगढ़ निवासी एक महिला और दो व्यक्तियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि 32 वर्षीय योगेश राजगढ़ से एक महीना पहले ही ट्रांसफर होकर शिलाई के जेएमआईसी में तैनात हुआ था। 11 मई को अचानक योगेश ने अपने घर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम नाहन मेडिकल कॉलेज से कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया था। कच्चा टैंक पुलिस आत्महत्या के कारणों को जांचने के लिए मृतक योगेश के घर पर भी गई।
लेकिन, उन्हें कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। किरण जब घर में बिस्तर झाड़ रही थी तो उसे चादर के नीचे योगेश के हाथ से लिखा सुसाइड नोट मिला। मृतक की पत्नी सुसाइड नोट को लेकर कच्चा टैंक पुलिस चौकी पहुंची। सुसाइड नोट में राजगढ़ की कथित महिला की ओर से झूठे रेप केस में फंसाने की एवज में 20 लाख रुपये की मांग की गई थी। महिला के साथ-साथ राजगढ़ के ही दो व्यक्तियों के नाम भी सामने आए हैं, जो इसके लिए उस पर दबाव बना रहे थे।
पुलिस ने सुसाइड को आधार मानते हुए मृतक की पत्नी की ओर से आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर महिला और अन्य दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि लिखावट को परीक्षण के लिए लैब में भेजा जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।