अश्लील वीडियो डाउनलोड कर महिला के नाम से कर दिया वायरल, छह गिरफ्तार
कुछ शातिरों ने पोर्न साइट से अश्लील वीडियो डाउनलोड कर शहर की एक महिला के नाम से वायरल कर दिया। महिला को जब इस बात का पता चला तो उसने महिला थाना में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शहर के एक दुकानदार सहित छह लोगों को पुलिस ने पूछताछ के लिए धरा है। आरोपियों के मोबाइल पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
पुलिस ने मामले में 154 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, पीड़ित महिला का कहना है कि वीडियो वायरल होने के बाद वह काफी परेशान है। क्योंकि उसे समाज में शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है। असल में वीडियो किसी और का है। महिला ने पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है। एसपी गुरदेव शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है।
डिलीट वीडियो फारेंसिक जांच में होगा रिक्वर : रीता
महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रीता शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक छह लोगों को वीडियो वायरल करने के आरोप में पुलिस ने थाना में पूछताछ के लिए बुलाया है। इन सभी लोगों के मोबाइल फोन पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं।
लेकिन मोबाइल में वीडियो नहीं मिले हैं। इन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंदेशा है कि इस वीडियो को आरोपियों ने अपने मोबाइल से डिलीट कर दिया है। अब फॉरेंसिक लैब में इसे दोबारा रिकवर किया जाएगा।
पहले वायरल अश्लील वीडियो में पुजारी समेत चार हो चुके हैं गिरफ्तार
इससे पहले मंडी में एक युवक-युवती का वायरल अश्लील वीडियो खूब चर्चा में रहा। इस मामले में अब तक चार गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इसमें एक पुजारी भी शामिल है। मामले में 31 अगस्त को एक युवक को गिरफ्तार किया गया था।
सोमवार को पुलिस ने तीन और लोगों को गिरफ्तार किया। बता दें कि बीते माह युवक-युवती का अश्लील वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो के साथ युवक और युवती की तस्वीरें भी वायरल हो गई थी। युवती के पिता ने पुलिस थाने में शिकायत दी थी और आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार लगाई थी।