पुलिस से बचने के लिए चोर ने की चौंकाने वाली हरकत
दुकान में घुसकर चोरी कर रहे एक शख्स ने दुकानदार और पुलिस को चकमा देने के लिए एक अजीब सी हरकत कर डाली। पकड़े जाने पर पुलिसवाले भी पेट पकड़कर हंसने लगे। यह मामला हिमाचल के जिला मंडी के रिवाल्लसर का है।
यहां रिवालसर बाजार में सोमवार देर रात को एक दुकानदार ने अपनी दुकान में चोरी करते हुए एक चोर को रंगे हाथ पकड़ा। दरअसल रात करीब साढ़े 11 बजे महाजन करियाना स्टोर के मालिक राकेश गुप्ता अपने भाई के साथ दुकान में भूला हुआ सामान लेने के लिए वापस लौटे।
तो उन्होंने दुकान का शटर खोलने पर सामान बिखरा हुआ पाया और गल्ला खुला हुआ था। दुकान में रखे फ्रिज का सामान सहित अन्य चीजें इधर-उधर पड़ी हुई थी। जिस पर उन्होंने शट्टर बंद कर पुलिस को सूचना दी।
और ऐसे पकड़ा गया चोर
बाजार में गश्त पर लगे दो पुलिस जवान तुरंत मौके पर पहुंच गए। दुकान और गोदाम में तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चोर पुलिस के हत्थे चढ़ा। ये चोर राशन की बोरी में छिपा हुआ था। इसने खुद को ऐसे बोरी में बंद कर लिया था मानों कोई राशन की बोरी रखी हो।
इसे पकड़ते ही पुलिसवाले खुद भी हंसने लग गए। फिलहाल चोर की पहचान रियूर पंचायत के साफडू गांव के कर्ण पुत्र शिव राम के रूप में हुई है। दुकान से करीब 12 हजार नकदी गायब है। यदि राकेश वापस दुकान को न लौटते तो वह चोरी में कामयाब हो जाता।
रिवालसर चौकी पुलिस प्रभारी चिंरजी लाल ने बताया कि आरोपी चोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच जारी है। आरोपी से पुलिस गहनता से पूछताछ कर रही है।