चालक-परिचालक को बंधक बनाकर लूट लिया ट्रक
हिमाचल प्रदेश से लखनऊ जा रहे बैटरी से भरे ट्रक को बदमाशों ने रविवार की रात पिलुआ क्षेत्र के हजारा नहर पर कब्जे में ले लिया और चालक-परिचालक को बंधक बनाकर कोतवाली नगर के नुमाइश मैदान पर ले आए। वहां ट्रक में लदीं 800 बैटरी में से 150 बैटरी दूसरे ट्रक में लादकर ले गए। घटना की जानकारी पर एसएसपी, एएसपी क्राइम, सीओ सिटी व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और बदमाशों की तलाश की।
मगर कोई हाथ नहीं लगा। ट्रक चालक ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाना पिलुआ में रिपोर्ट दर्ज कराई है। हिमाचल प्रदेश के जिला हजीरपुर के थाना बड़सर के गांव कुनबी निवासी चालक रविशंकर पुत्र जंगीराम ने बताया कि वह ट्रक में 800 बैटरी लादकर हिमाचल प्रदेश से लखनऊ के लिए दो दिन पहले चला था।
150 बैटरी लादीं और फरार हो गए
रविवार की रात लगभग तीन बजे जैसे ही थाना पिलुआ क्षेत्र के हजारा नहर पर पहुंचा, तभी चार बदमाशों ने ओवरटेक कर ट्रक को रुकवा लिया। ट्रक को कब्जे में लेते हुए उसे व परिचालक को बंधक बना लिया। कोतवाली नगर के नुमाइश मैदान ले गए। बदमाशों के पास दूसरा ट्रक था, जिसमें उन्होंने 150 बैटरी लाद लीं और फरार हो गए।
बाद में किसी तरह मुक्त हुए चालक ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। इस पर थाना पुलिस के साथ एसएसपी एसके वर्मा, एएसपी क्राइम आरपी गुप्ता, सीओ सिटी करन सिंह मौके पर पहुंच गए और बदमाशों की तलाश कराई, लेकिन कोई हाथ नहीं आया। थाना पुलिस का कहना है कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। फिर भी जांच की जा रही है।