परमीश गोलीकांड मामले में तीन और दबोचे, एक को छोड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाबी गायक परमीश वर्मा गोलीकांड के बाद से प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन पंजाब पुलिस के रडार पर है। बुधवार को पंजाब पुलिस ने बद्दी से तीन और युवकों को हिरासत में लिया।
इनमें से एक युवक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। पुलिस ने इससे पूर्व बद्दी के गुल्लरवाला से एक युवक की गिरफ्तारी की थी। जबकि दो अन्य युवकों को भी हिरासत में लिया था।
पंजाब पुलिस की मखनूमाजरा में ताजा धरपकड़ के पीछे बद्दी के युवक से पूछताछ में हुए खुलासे को वजह माना जा रहा है। पंजाब पुलिस ने परमीश गोली कांड के बाद बद्दी में दस्तक दी थी। पुलिस को शक का था कि हमले में इस्तेमाल गाड़ी बीबीएन की तरफ आई थी।
यहां हो सकते हैं गोली कांड से जुड़े अन्य आरोपी
गोली कांड के बाद ही पंजाब पुलिस की स्पेशल टीम ने बद्दी टोल बैरियर की फुटेज खंगाली थी। लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा, क्योंकि 13 अप्रैल की बद्दी टोल बैरियर पर 11 बजे से 2 बजे तक बिजली गुल थी।
पंजाब पुलिस को अभी भी शक है कि परमीश गोली कांड से जुड़े अन्य आरोपी हिमाचल या बीबीएन में हो सकते हैं। गौर हो कि जिस दिन पंजाब पुलिस ने बद्दी के गुल्लरवाला से पहली गिरफ्तारी कि थी, उस दिन पुलिस ने एक बड़ा सर्च अभियान चलाया था।
जिसमें पुलिस ने सुबह चार बजे हरविंद्र सिंह उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार कर लिया था। हैप्पी ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर परमीश को गोली मारने का दावा किया था। गिरफ्तार कर उसे मोहाली ले जाया गया जहां, पुलिस ने उसकी 5 दिन की रिमांड हासिल कर ली।
गोलीकांड और फिरौती कनेक्शन
गोलीकांड के बाद पंजाब और हिमाचल के बीबीएन के फिरौती कनेक्शन सामने आ रहे हैं। इससे पहले भी यहां के एक स्थानीय उद्यमी से पुलिस कड़ी पूछताछ कर चुकी है। हालांकि जांच प्रभावित होने की आशंका पर इस पर से पर्दा नहीं उठाया गया है।
पुलिस ने अभी तक हिरासत में लिए कुल तीन युवकों की सूचना भी बद्दी पुलिस को नहीं दी है। माना जा रहा है कि मामला हाई प्रोफाइल होने के चलते पंजाब पुलिस फूंक फूंक कर कदम रख रही है।