खूनी झड़प के बाद ट्रक से टकराई बाइक, युवक की मौत, तीन घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के ऊना में सदर थाना के तहत बहडाला में पैसों के लेनदेन को लेकर दो गुटों में मारपीट हो गई। मारपीट के बाद दो बाइकों पर चार युवक फरार हो गए। इस दौरान ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक मौत हो गई।
जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान प्रिंस निवासी चताड़ा के रूप में हुई है। अन्य तीन साथी अजौली के बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
वहीं घायलों का उपचार जारी है। दो गुटों में आपसी रंजिश क्या थी, इसको लेकर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल पर धारदार हथियार भी बरामद किए हैं।
सूत्रों के अनुसार गुरुवार दोपहर बाद चताड़ा निवासी प्रिंस तीन दोस्तों के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर बहडाला स्थित व्यक्ति के घर पहुंचा। जहां पर दोनों पक्षों में लेनदेन को लेकर कहासुनी हो गई और जमकर मारपीट हुई।
चार युवक बुरी तरह लहूलुहान हो गए
इस मारपीट में तेजधार हथियार भी चले। इसके बाद प्रिंस दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर भाग निकले। बताया जा रहा इसी दौरान व्यक्ति ने युवकों के पीछे ट्रक लगा दिया। बहडाला के पास ट्रक से बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार चार युवक बुरी तरह लहूलुहान हो गए।
इसमें चताड़ा निवासी प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साथी साहिल, राकेश और लक्खा गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसे मैहतपुर में पकड़ लिया गया।
एएसपी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। वहीं मामले की हर पहलू की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी संजीव निवासी बहडाला को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दो पक्षों में मारपीट क्यों हुई। इसकी भी जांच जारी है।