पत्नी की जन्मदिन पार्टी में सामाजिक दूरी का पालन न करना पड़ा महंगा, केस दर्ज
हिमाचल के सोलन जिले के बीबीएन के एक अपार्टमेंट में सोसायटी अध्यक्ष के खिलाफ पत्नी की बर्थ-डे पार्टी मनाने पर केस दर्ज किया गया है। बर्थ-डे पार्टी मनाने और इसकी तस्वीर सोशल मीडिया में भी शेयर की गई। इस पर जब इसी अपार्टमेंट में रहने वाले व्यक्ति ने टिप्पणी की कि औरों को तो सामाजिक दूरी का पाठ पढ़ाते हो और खुद ही इसकी सरेआम धज्जियां उड़ाते हो। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस पर सोसायटी अध्यक्ष ने फोन पर उसे जान से मारने की धमकियां दीं।पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में सरोज झा ने बताया कि वह मार्केटिंग का काम करता है। जिस अपार्टमेंट में रहता है, वहां के फ्लैट में सोसायटी अध्यक्ष पत्नी का जन्मदिन मना रहा था।
इसमें करीब 50 लोग थे। इसकी फोटो सोशल साइट पर डाली गई। उसने फोटो देखी और मेसेज डाला कि स्वयं तो सामाजिक दूरी के बारे में बोलते हो और अपने घर पर पार्टी करते हो। जिसमें किसी ने कोई मास्क व कोई सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया। जिस पर उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं। इसके बाद आरोपी की पत्नी और अन्य महिलाओं को साथ लेकर उसके घर आई और गालीगलौज करने लगी। उन्होंने पुलिस ने सुरक्षा देने की गुहार लगाई है। उधर, एसपी रोहित मालपानी ने कहा कि पुलिस ने सरकार व डीएम के आदेशों की अवहेलना सहित धमकियां देने का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
झूठे आरोप लगाने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम ने छवि खराब करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इन लोगों ने निगम पर सब स्टैंडर्ड और कम कीमत के वेंटिलेटर मंहगे दामों पर खरीदने के झूठे व निराधार आरोप लगाए हैं। आरोपों में कहा कि निगम ने वेंटिलेटर 10,29,840 रुपये प्रति यूनिट की दर से खरीदे हैं, जबकि निजी क्षेत्र में इनकी कीमत 3.50 लाख है। सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि एचपीएसईडीसी ने वेंटिलेटर की ऐसी कोई खरीद नहीं की है। उन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है, जिन्होंने एचपीएसईडीसी पर झूठे आरोप लगाए हैं।
बताया कि स्वास्थ्य सेवाएं निदेशालय के स्तर पर वेंटिलेटर की खरीद को विभिन्न समितियों का गठन किया गया था। वेंटिलेटर की खरीद से पहले वेंटिलेटर की दरों और मानकों का अध्ययन जीईएम पोर्टल पर किया गया था। समिति ने अन्य राज्यों की ओर से वेंटिलेटर खरीद को अपनाई गई प्रक्रिया का भी अध्ययन किया था। उन्होंने कहा कि वेंटिलेटर दरों और तकनीकी मानकों को ध्यान में रखते हुए खरीदे गए थे। वेंटिलेटर की खरीद में पारदर्शिता का पूरा पालन किया गया है।