एक तरफा प्यार में युवती के पेट में घोंपा चाकू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर में वीरवार सुबह सवा दस बजे एक तरफा प्यार में 30 साल के युवक क्लर्क ने हमउम्र सीनियर असिस्टेंट युवती के पेट में चाकू घोंप दिया। क्लर्क ने युवती के पेट, सिर, छाती और बाजू में वार किए हैं।
वारदात के बाद परिसर से फरार हो रहे आरोपी को वहां मौजूद छात्रों और सुरक्षा में तैनात सब इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल ने दबोच लिया। आरोपी से चाकू छुड़ाते समय सब इंस्पेक्टर के हाथ में भी गहरे घाव हो गए। युवती को उपचार के लिए आईजीएमसी में भर्ती कराया गया है। इनकी हालत खतरे से बाहर है।
पेट, सिर, छाती और बाजू में किए वार
पुलिस के अनुसार युवती एचपीयू डिस्पेंसरी में अनिल कुमार को आरडी की राशि देने गई थी। एचपीयू डिस्पेंसरी से बाहर आते ही आरोपी हरिदत्त ने रास्ता रोक लिया। बदतमीजी करने लगा और युवती की बाजू पकड़ ली।
युवती ने विरोध किया तो हरिदत्त ने जेब से चाकू निकाला और उसके पेट, सिर, छाती और बाजू में वार कर दिए। लड़की की चीखें सुनकर डिस्पेंसरी में बैठे कर्मचारी बाहर निकले। वहां मौजूद छात्रों और पुलिस वालों ने आरोपी को दबोच लिया।
आरोपी को काबू करते वक्त सब इंस्पेक्टर के हाथ में गहरे घाव हो गए। आरोपी को पुलिस चौकी समरहिल ले जाया गया। इसी बीच एएसपी सिटी मौके पर पहुंचे और पूछताछ शुरू की।
काफी समय से युवती को तंग कर रहा था
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी काफी समय से युवती को तंग कर रहा था। मोबाइल पर कॉल करता था। एक बार उसके घर तक पहुंच गया। इसकी हरकतों से तंग आकर युवती ने एचपीयू प्रशासन से आरोपी की शिकायत भी की लेकिन कोई गौर नहीं किया गया।
उधर, आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश ने कहा कि युवती की हालत खतरे से बाहर है। एएसपी भजन नेगी ने बताया कि यह एक तरफा प्यार का मामला लगता है। आरोपी क्लर्क युवती से अकसर छेड़खानी करता था। युवती विरोध करती थी।
खफा होकर क्लर्क उसकी हत्या करने की नीयत से आया था। आरोपी हरिदत्त के खिलाफ थाना बालूगंज में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।