पिस्तौल की नोक पर दिनदहाड़े हजारों की लूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिरमौर में नाहन से 15 किलोमीटर दूर नाहन-कुमारहट्टी हाइवे पर लादू मंदिर के समीप एक व्यक्ति को सोमवार सुबह दिनदहाड़े तीन अज्ञात बदमाशों ने पिस्तौल और चाकू की नोक पर लूट लिया। शातिरों ने पहले उसे जमकर पीटा। फिर उसके पास से 18500 एवं मोबाइल लूटकर चंपत हो गए। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह 9:30 बजे नावणी गांव निवासी सिरमौर सिंह हाइवे पर खड़े होकर सराहां की ओर जाने वाली बस का इंतजार कर रहा था। इस दौरान एक बिना नंबर की सफेद कार नाहन की ओर से आई। जिसमें से तीन अज्ञात युवक एकाएक बाहर निकले।
जमकर पिटाई की और छीन लिया बैग
उनके हाथ में चाकू और पिस्तौल थी। उन्होंने सिरमौर सिंह की पहले जमकर पिटाई की और बाद में उससे बैग, जेब में रखा पर्स एवं मोबाइल छीन लिया। सिरमौर सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने बैग में 15 हजार रुपये, पर्स में साढे़ तीन हजार रुपए एवं मोबाइल जेब में रखा हुआ था। जिसे वह उड़ा ले गए। तीनों आरोपी कार में बैठकर नाहन की ओर भाग खडे़ हुए।
पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने धारा 382, 323, 34 एवं शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नाहन की तमाम सड़कों पर नाके लगाए गए हैं। अपराधियों की धर पकड़ तेज कर दी गई है। पुलिस की जांच टीम का गठन किया जा रहा है।