पैसों के लिए चाची ने मुझे कुक को बेच दिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरे पापा बच्चों को बेचते हैं। चाची भी इसमें शामिल हैं। मुझे भी पापा ने चाची के हवाले कर दिया। चाची ने मुझे एक कुक को बेच दिया। मगर ये कुक भी मुझे आगे बेचने की फिराक में हैं। ऐसा सिर्फ मेरे साथ नहीं हुआ है।
कई दूसरे बच्चे भी है। मेरा पिता बच्चों को किसी तरह चाची तक लाता है। चाची फिर सबको आगे बेच देती है। पश्चिम बंगाल की एक युवती ने अपने पिता व चाची के खिलाफ सनसनीखेज खुलासे किए हैं।
हिमाचल के बद्दी में पुलिस को मिली इस लड़की ने जैसे ही अपने पिता और चाची की दरिंदगी की बात बताई तो हर कोई हैरान रह गया। युवती ने उसे किसी होटल में काम करने वाले कुक को बेचने का आरोप लगाया।
चाची ने किया कुक के हवाले
युवती ने बताया वह पश्चिम बंगाल के तहसील नियोदा व गांव मदीनीपुर की रहने वाली है। उसका पिता उसकी चाची के साथ मानव तस्करी का धंधा करते हैं। उसकी चाची दिल्ली में इस काम को अंजाम देती है।
चाची ने उसे जीटी रोड में स्थित एक होटल में काम करने वाले कुक को बेच दिया। कुक उसे 18 दिसंबर को बद्दी लेकर आया और यहां पर उसने उसे एक दिन झुग्गी में रखा। उसके बाद दूसरे दिन जब वह उसके साथ बद्दी के एक ढाबे में खाना खा रही थी तो कुक उसे यह कह कर चला गया कि वह फोन करने जा रहा जल्द ही वापस आएगा, लेकिन वापस नहीं आया।
युवती ने बताया कि जिस व्यक्ति के साथ उसका सौदा हुआ था, वह भी उसे बद्दी में छोड़ कर चला गया। उसे शक है कि जिसे बेचा गया था वह भी उसे आगे बेचने के फिराक में था।
जांच में जुटी पुलिस
एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि युवती के बयान पर पुलिस ने धारा 370 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। युवती को पहले चाईड हेल्प लाइन सोलन भेजा गया था, लेकिन वहां के अधिकारियों ने उसकी आयु को लेकर शक था।
जिस पर पुलिस ने उसका मेडिकल कराया। नालागढ़ में हुए मेडिकल में युवती की आयु 18 से 19 साल की बताई गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। अब युवती को मशोबरा स्थित आश्रम में भेजा जाएगा।
इससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यदि गहनता से जांच करती है तो एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है।
पहले नौकरी छुड़वाई, फिर करवाया गर्भपात
वहीं, नालागढ़ के बरूणा गांव की एक युवती ने अपने पति पर दहेज के नाम पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उसके पति ने जबरन उसकी नौकरी छुड़वा दी और बाद में जबरन उसका गर्भपात करा दिया।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसका नालागढ़ के डाडी भोला गांव के दिनेश कुमार के साथ हिंदू रीति रिवाज के साथ विवाह हुआ। विवाह से पहले वह नालागढ़ कॉलेज में भौतिक विज्ञान की प्रवक्ता पद पर अनुबंध पर तैनात थी।
पति दिनेश ने शादी के दस दिन बाद ही उसे नौकरी से यह कह कर छुड़वा दिया कि अगर वह नौकरी करेगी तो यह शादी ज्यादा दिन तक नहीं चलेगी। उसने पति के कहने पर नौकरी छोड़ दी।
ससुराल वालों ने किया प्रताड़ित
शादी के कुछ माह बाद उसे नालागढ़ के एक निजी चिकित्सालय में रूटीन चेकअप के लिए लाया गया। जहां पर चिकित्सक ने उसे गर्भवती होने की बात कही। पति बच्चे का नाम सुनते ही उसे गर्भपात कराने के लिए मजबूर करने लगा, लेकिन उसने मना कर दिया।
बाद में सास व ननद ने भी उसे इसके लिए मजबूर किया। यही नहीं पति ने ससुर के सामने भी उसे प्रताड़ित किया, लेकिन ससुर ने अपने बेटे का ही पक्ष रखा। उसका पति उसे गाड़ी को लेकर ताने मारता रहता था। वह ससुराल वालों से तंग आकर अब वह अपने पिता के घर में रह रही है।
एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि पुलिस ने महिला के बयान पर धारा 498, 406 506 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसकी जांच का जिम्मा महिला व बाल सहायता की बद्दी इकाई को दिया गया है।