खनन रोकने गई हिमाचल पुलिस को हथियारबंद लोगों ने धमकाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अवैध खनन की सूचना पर स्वां नदी में दबिश देने डीएसपी के नेतृत्व में पहुंची हिमाचल पुलिस को खनन माफिया धमकाने पहुंच गया। तलवारें, गंडासे और रॉड जैसे हथियारों से लैस इन लोगों ने हिमाचल पुलिस को धमकियां दे डालीं। हैरत की बात है कि खनन माफिया के लोगों के साथ पंजाब पुलिस भी मौजूद थी।
मंगलवार देर रात की इस घटना के दौरान हिमाचल पुलिस ने रेत से भरे एक टिपर को जब्त कर लिया है। अब आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर धरपकड़ की तैयारी की जा रही है। हिमाचल सीमा क्षेत्र की पैमाइश कराने की भी मांग की गई है।
डीएसपी हरोली धनराज सिंह की ओर से एसपी को दी गई सूचना के तहत संतोषगढ़ नगर के साथ लगते पंजाब क्षेत्र की सीमा पर अवैध खनन की सूचना मिली थी। हिमाचल सीमा के क्षेत्र में मंगलवार रात को जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां अवैध खनन हो रहा था।
स्वां नदी में रेत से भरे एक टिपर को पकड़ लिया गया। पुलिस टीम जैसे ही स्वां नदी में खनन रोकने पहुंची तो पंजाब के 20 से 25 लोग तलवारें, रॉड, लाठियां, गंडासे और अन्य हथियार लेकर पुलिस की टीम के साथ डीएसपी को धमकाने पहुंच गए।
बेलगाम है खनन माफिया
इस दौरान पंजाब पुलिस के भी कुछ अधिकारी स्वां नदी में मौजूद थे, लेकिन पंजाब पुलिस और खनन करने वाले लोगों ने खनन वाला क्षेत्र पंजाब की सरहद में होने की बात कही।
डीएसपी ने एसपी को दी सूचना में बताया कि मौके पर स्वां नदी में कुछ पंजाब पुलिस के अधिकारी भी मौजूद थे, जो अवैध खनन कर रहे लोगों का समर्थन कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने खनन में लगे वाहनों के चालान तक नहीं किए।
डीएसपी ने एसपी से हिमाचल की भूमि की निशानदेही करवाने की मांग की। पुलिस अब मामला दर्ज करने और आरोपियों की धरपकड़ की तैयारी में है। उधर, एसपी दिवाकर शर्मा का कहना है कि स्वां नदी में हो रहे अवैध खनन को लेकर एसएसपी रूपनगर को भी लिखा गया है।
इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। रात के अंधेरे में रेत से भरे सैकड़ों टिपर इसी रास्ते से रोजाना गुजरते हैं। स्वां नदी में दिन दहाड़े जेसीबी व पोकलेन ऑपरेटर खनन कर रहे हैं।
प्रशासनिक अधिकारी बैठकें कर कार्रवाई के दावे तो करते हैं लेकिन जमीनी हकीकत में खनन माफिया बेलगाम नजर आता है। ऐसे हालात में खनन रोकने को जिम्मेदार एजेंसियों पर सवाल उठने लगे हैं।