छात्रा से अश्लील बातें करने के आरोपी शिक्षक पर एफआईआर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डिग्री कॉलेज बिलासपुर में छात्रा से अश्लील बातें करने के आरोपी संगीत विभाग के शिक्षक पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने छात्रा के बयान के आधार पर भादंसं की धारा 354 (ए), 354 (डी) और 509 के तहत मामला दर्ज किया है।
बीते बुधवार को कॉलेज में यौन उत्पीड़न समिति के समक्ष छात्रा के बयान दर्ज किए गए हैं। आरोपी शिक्षक को निलंबित करने की मांग को लेकर सैकड़ों छात्रों ने बुधवार को प्रदर्शन भी किया था।
न्याय की उम्मीद न मिलने के बाद बुधवार देर शाम पीड़ित छात्रा और कुछ अन्य छात्र और बीडीसी सदस्य (गाहर) मनीष गर्ग एसपी बिलासपुर साक्षी वर्मा से मिलने पहुंचे थे।
छात्रा ने एसपी को आपबीती सुनाकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत पत्र दिया था। साक्षी वर्मा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले से जुड़े सभी सबूतों को पुलिस कब्जे में लेगी और फोन कॉल की रिकॉर्डिंग को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
कमेटी के समक्ष पेश होगा आरोपी प्राध्यापक
संगीत विभाग की छात्रा के साथ फोन पर अश्लील बातें करने वाला प्राध्यापक शुक्रवार को यौन उत्पीड़न समिति के समक्ष पेश होगा। कमेटी ने प्राध्यापक को शुक्रवार 15 नवंबर को अपना पक्ष रखने को कहा है। हालांकि प्राध्यापक अपना पक्ष रखने के लिए और समय मांग रहा था। लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कमेटी ने प्राध्यापक को शुक्रवार को हर हाल में कमेटी के समक्ष पेश होने को कहा है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को पीडि़त छात्रा ने कमेटी के समक्ष पेश हो कर पूरी आपबीती सुनाई। जिसके बाद पूरी रिपोर्ट तैयार कर कमेटी ने शिक्षा निदेशक राज्य सरकार को भेज दी है। कॉलेज प्राचार्य राम कृष्ण ने बताया कि कमेटी ने छात्रा का पूरा पक्ष सुना है। जिसके बाद पूरी रिपोर्ट तैयार कर शिक्षा निदेशक को भेज दी है। आरोपी प्राध्यापक को शुक्रवार को कमेटी ने तलब किया है। जहां उसका पक्ष सुना जाएगा।