'बस छह लाख दो, हम दिलाएंगे सेना में नौकरी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में सेना में भर्ती करवाने के नाम पर युवकों से पैसे हड़पने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। विजिलेंस और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर एक युवक गिरफ्तार कर लिया है। विजिलेंस टीम ने आरोपी युवक को गगरेट पुलिस के हवाले कर दिया है।
आरोपी युवक की पहचान नितिन निवासी गगरेट के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवकों से सेना में भर्ती करवाने के नाम पर मोटी रकम वसूलता था। अब तक की जांच में पता चला है कि इसने पांच युवकों को चूना लगा दिया था।
हर युवक से भर्ती करवाने की एवज में करीब छह-छह लाख रुपये की मांग की थी। इसमें युवकों ने 11 लाख रुपये का भुगतान कर दिया था। आरोपी से पांच ज्वाइनिंग लेटर के साथ एक लाख रुपये की नकदी भी बरामद की गई है।
विजिलेंस को मिली थी शिकायत
विजिलेंस ऊना शाखा को गगरेट क्षेत्र के अंबोआ निवासी खुशवीर सिंह ने शिकायत की थी कि गगरेट निवासी एक युवक ने सेना में भर्ती करवाने नाम से उनसे ठगी की है। युवक ने क्षेत्र के पांच युवकों से सेना में भर्ती करवाने के नाम पर लाखों रुपये की मांग की थी।
उसके झांसे में आकर युवकों 11 लाख रुपये दे चुके हैं, जबकि शेष भुगतान किया जाना था। आरोपी युवक की हरकतों पर खुशवीर को कुछ शक हो गया और उसने इसकी शिकायत विजिलेंस ब्यूरो ऊना शाखा में कर डाली।
इस पर विजिलेंस के एएसपी विजय सकलानी ने फौरन आरोपी युवक की धरपकड़ को टीम गठित की और सोमवार को खुशवीर के माध्यम से आरोपी युवक को पैसे लेने के लिए बुलाया गया तो उसने खुशवीर सिंह को डंगोह खास में आने को कहा। वहां पर जैसे ही आरोपी युवक ने एक लाख रुपये लिए। विजिलेंस की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।