हिंदुओं और बौद्धों के ऐतिहासिक त्रिलोकीनाथ मंदिर में चोरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में हिंदुओं और बौद्धों के ऐतिहासिक त्रिलोकीनाथ मंदिर में सोमवार रात दानपात्रों के ताले तोड़कर चढ़ावे के ढाई लाख रुपये चोरी हो गए हैं। मंदिर में लगे तीन सीसीटीवी कैमरों को भी शातिर उखाड़कर ले गए हैं। हालांकि, एक सीसीटीवी की फुटेज में संदिग्ध दिखा है।
चोरी की भनक लगते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया है। लाहौल-स्पीति पुलिस अधीक्षक राजेश धर्माणी और एसडीएम उदयपुर सुभाष गौतम ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। वारदात के बाद पूरे मंदिर परिसर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने अलर्ट जारी कर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी है।
मंदिर के पुजारी पदाम ज्ञालछन ने बताया कि रोज की तरह पूजा के बाद सोमवार शाम करीब आठ बजे उन्होंने ताला लगाकर मंदिर को बंद किया और चाबियां साथ ले गए। मंगलवार सुबह मंदिर का मुख्य गेट और शटर खोला तो ताला टूटा था और ग्रिल आधी खुली हुई थी। भीतर एक दान पात्र गिरा पड़ा था जबकि दो के ताले टूटे हुए थे।
जिलों की पुलिस को किया अलर्ट
मुख्य गेट की दाहिनी ओर की खिड़की का पल्ला भी टूटा हुआ था। खिड़की से दो सरिया और मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में से तीन गायब थे। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना तहसीलदार और पुलिस को दी। मंदिर न्यास के अध्यक्ष सुभाष गौतम ने कहा कि मंदिर से 2.50 लाख की चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस संदिग्ध की तलाश कर रही है।
चोरी की वारदात के बाद जिला लाहौल-स्पीति के साथ अन्य जिलों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। जांच के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है।
मंदिर में हिंदू, बौद्ध धर्म के लोग करते हैं पूजा- त्रिलोकीनाथ मंदिर से हिंदू व बौद्ध धर्म के लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। मंदिर में हिंदू धर्म के लोग भगवान त्रिलोकीनाथ की पूजा करते हैं जबकि बौद्ध धर्म के अनुयायी यहां अवलोकितेश्वर के रूप पूजा करते हैं। त्रिलोकीनाथ मंदिर में बने दो स्तंभ श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं।