होटल के कमरे में सोए रह गए पर्यटक, जेवर और एक लाख कैश चोरी
शिमला घूमने आए सैलानियों के जेवर और करीब एक लाख के कैश पर शातिर हाथ साफ कर गए। शातिरों ने होटल के कमरे की खिड़की खोलकर वारदात को अंजाम दिया। जिस वक्त यह वारदात हुई, उस समय सैलानी कमरे में सोए हुए थे, उनकी मौजूदगी में ही चोर चोरी कर फरार हो गए।
ये टूरिस्ट शिमला के चौड़ा मैदान स्थित हर्षा होटल में ठहरे थे। बहरहाल, थाना बालूगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार सुबह पुलिस को सैलानियों ने सूचना दी कि होटल के कमरे में उनका समान चोरी हो गया। एएसपी सिटी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तफ्तीश शुरू कर दी।
इसी होटल के मालिक के घर में भी कुछ साल पहले चोरी हुई थी। जानकारी के मुताबिक फरीदाबाद के बरजिंदर तिवारी (निवासी सी-86 सेकेंड फ्लोर दयाल बाग नियर सेंट कोलंबस स्कूल) बीवी बच्चों और दोस्त के परिवार के साथ होटल के कमरे में ठहरे थे। उन्होंने बताया कि कमरे से एक लाख के करीब कैश और दो लाख कीमत के जेवर गायब हैं।
तिवारी ने बताया कि उनके और दोस्त के बच्चे साथ वाले कमरे में साथ सोए थे। सुबह करीब छह बजे उनके दोस्त का बेटा उठा और कहा कि अंकल रिसेप्शन पर कोई फोन नहीं उठा रहा है, मुझे भूख लग रही है। बरजिंदर ने अपने दोस्त को फोन करने के लिए अपना मोबाइल देखा तो मोबाइल टेबल पर नहीं था।
पत्नी के पर्स से 70000 रुपए, एटीएम कार्ड भी चोरी
उसके बाद उन्होंने अलमारी खोली और पैंट की जेबें टटोलीं। जेब में पर्स भी नहीं था, जिसमें 14000 रुपये थे। दूसरी जेब में 17000 कैश रखा था। उन्होंने पांच तोले सोने की चेन अलमारी में ही रखी थी, वह भी गायब थी। उन्होंने अपनी बीवी के पर्स को ढूंढा लेकिन वह भी नहीं मिला।
बीवी के पर्स में 70000 हजार के करीब कैश था। साथ ही गाड़ी के कागज, चाबी, एटीएम-वोटर आई कार्ड, पैन कार्ड और कुछ कागज गायब थे। उन्होंने बताया कि जब वह रात को सोए थे तो उन्होंने कमरे की खिड़की बंद की थी। लेकिन सुबह जब उठे तो देखा कि खिड़की खुली है।
गाइड ने पहुंचाया होटल
तिवारी शुक्रवार सुबह पत्नी, दो बच्चों और अपने दोस्त अभय चौधरी के परिवार के साथ शिमला घूमने के लिए आए। शाम को करीब छह बजे घोड़ा चौकी के पास उन्हें गाइड ने होटल में ठहरने के लिए कमरे के लिए पूछा। उन्होंने गाइड को कार में बिठाया और होटल की तरफ चल पड़े।
उन्होंने कहा कि शाम सात बजे उन्होंने होटल के कमरा नं 206 और उनके दोस्त ने 204 में चेक इन कर लिया। उसके बाद वह अपने बीवी बच्चों को होटल में ही छोड़कर अपने दोस्त के साथ माल रोड घूमने चले गए और बाहर ही खाना खाकर करीब साढ़े दस बजे वापस होटल पहुंच गए।
होटल की गली में मिले कुछ कार्ड
जिस होटल में सैलानी ठहरे थे, सुबह उसी होटल की पिछली गली में कूड़ा एकत्रित करने वाले को कुछ कागज मिले। उसने वह कागज होटल मैनेजर देवी सिंह को दिखाए। होटल मैनेजर ने कागज सैलानी को दिखाए। सैलानी ने इन्हें पहचान लिया।
एएसपी सिटी भजन देव नेगी ने कहा कि सूचना के बाद मौके का मुआयना किया गया। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। दरवाजा और खिड़की कुछ भी नहीं टूटा है। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस हर पहलू पर तफ्तीश कर रही है।
होटल मालिक के घर में भी हो चुकी है चोरी
कुछ साल पहले भी इसी होटल के टॉप फ्लोर में रहने वाले होटल मालिक के घर से लाखों की चोरी हुई थी। चोरी के आरोप में पुलिस ने उत्तराखंड से होटल के ही पूर्व कर्मचारी को गिरफ्तार किया था। होटल मालिक ने कहा कि गेस्ट के सामान चोरी होने का पता उन्हें फोन पर ही चला।