विवि से लापता हो गया इंजीनियरिंग का छात्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बद्दी विवि में इंजीनियरिंग का छात्र रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गया है। उसका लैपटॉप और फोन उसी के कमरे से मिला है। इसमें से डाटा गायब है। चिंतित परिजनों ने पुलिस को किसी अनहोनी का अंदेशा जताया है। उधर, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बैजनाथ के अंकुश आचार्य (22) के पिता अश्वनी आचार्य ने अंकुश के मोबाइल पर बार-बार फोन किया तो फोन स्विच ऑफ था।
इसके बाद उन्होंने उसके रूममेट शिमला निवासी वासु के मोबाइल पर कॉल की। वासु ने उन्हें बताया कि अंकुश आज कमरे में नहीं आया है। इसके बाद अश्वनी आचार्य बद्दी के लिए रवाना हो गए। युवक के कमरे से एक नोट मिला है। इसमें परिजनों को उसे न तलाशने के बारे में लिखा है। एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पेपर देना नहीं चाहता था अंकुश
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि युवक विवि के हॉस्टल में रहता था। वह पेपर देना नहीं चाहता था। उसने मात्र दो पेपर दिए हैं। हमेशा फोन और लैपटॉप पर व्यस्त रहता था। इसके चलते विवि प्रशासन ने उसका लैपटॉप भी कुछ दिन अपने कब्जे में रखा। वह अकेला रहना ही पसंद करता था।
डांट ट्राई टू फाइंड मी
प्रिंसिपल वीके यादव ने बताया कि उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज कर परिजनों को सूचित कर दिया है। विवि के चीफ वार्डन विपुल गुप्ता ने बताया कि 8 दिसंबर को छात्र लापता हुआ है। दिन में गेट खुला होने से कोई भी छात्र अंदर-बाहर जा सकता है। शाम को साढ़े 9 बजे के बाद छात्रों की गिनती होती है, लेकिन इससे पहले ही छात्र के पिता का फोन आ गया।
छात्र को पूरे कैंपस में ढूंढा, लेकिन कोई पता नहीं चला। पता चला कि छात्र ने अलमारी में एक नोट लिखा है। इसमें लिखा है कि प्लीज डांट ट्राई टू फाइंड मी।
लैपटॉप का डाटा रिमूव
लापता छात्र के पिता अश्वनी आचार्य ने बताया कि उनके बेटे के पास कोई पैसा नहीं था। लैपटॉप और मोबाइल भी कमरे में छोड़कर गया है। रूममेट भी सही से जवाब नहीं दे रहा है। अन्य छात्रों के पास लैपटॉप का पासवर्ड होने से सारा डाटा रिमूव कर दिया गया है।
पिता का दावा, पेपर लीकेज की शिकायत की थी
छात्र के पिता का दावा है कि पिछले वर्ष विवि में पेपर लीक हुआ था। इसकी शिकायत उनके बेटे ने की थी। कुछ आरोपियों के नाम भी गिनाए थे। उन्हें शक है कि कहीं किसी ने बदला लेने को उसके बेटे के साथ अनहोनी घटना की हो। विवि प्रशासन की ओर से कोई भी सहयोग नहीं किया जा रहा है।