फिल्मी अंदाज में महिला का तीन बार अपहरण करने का प्रयास, भाइयों को पीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के बिलासपुर जिले के घुमारवीं के गांधी चौक पर देर रात बस अड्डे पर खड़ी महिला के अपहरण के प्रयास से सनसनी मच गई। कार सवार अज्ञात लोगों ने पहला प्रयास विफल रहने पर कुछ देर बाद दूसरी बार भी कोशिश की लेकिन महिला के शोर मचाने पर बदमाशों को भागना पड़ा।
बाद में महिला के भाई मौके पर पहुंच गए। सभी अपनी कार में घुमारवीं की तरफ गए तो बदमाशों ने कार को रोक कर महिला के भाइयों को पीटकर फिर महिला साथ ले जानी चाही। लेकिन स्थानीय लोगों के एकत्रित होने पर बदमाश भाग निकले।
पुलिस ने सात अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 354-डी, 341, 323 और 334 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार यह मंडी के भांवना की रहने वाली है, जो बस अड्डे पर खड़ी थी।
इसी दौरान कुछ लोग कार नंबर एचपी69-2118 पर आए और महिला को जबरन कार के भीतर ले जाने की कोशिश की। महिला ने संघर्ष कर खुद को झटके से छुड़ा लिया। बदमाश मौके से भाग गए।
अश्लील हरकतें करने का भी प्रयास किया
10 मिनट बाद दूसरी बार फिर से महिला को साथ ले जाने की कोशिश की। इस दौरान उसके साथ अश्लील हरकतें करने का भी प्रयास किया। लेकिन इस बार भी महिला के अपहरण का प्रयास विफल रहा।
वहीं, कुछ ही देर में महिला के भाई कार लेकर मौके पर पहुंच गए। महिला ने आपबीती सुनाई। बताया जा रहा है कि महिला भाइयों के साथ कार में घुमारवीं की तरफ जा रही थी।
बस अड्डे से दो किलोमीटर दूर वही बदमाश इस बार सात की संख्या में पहुंचे और कार को घेरकर महिला के भाइयों को पीटना शुरू कर दिया। आसपास आबादी वाला इलाका होने की वजह से लोग भी मौके पर पहुंच गए जिन्हें देख बदमाश अपने वाहन में फरार हो गए।
मामले से पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में
डीएसपी राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि कहा कि महिला की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सात अज्ञात लोगों की तलाश की जा रही है।
महिला का घुमारवीं के बीच बाजार से अपहरण करने का प्रयास किया गया। लेकिन हैरत की बात है कि शहर में गश्त के नाम पर पुलिस की मौजूदगी नहीं होती।
गांधी चौक पर दो बार महिला को गाड़ी में ले जाने का प्रयास हुआ पर किसी को कानों कान खबर तक नहीं हुई। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।