फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Bilaspur News ›   Himachal Pradesh Coronavirus Case News in Hindi: 27 July 2020 COVID 19 Positive Cases Updates Today in Himachal Pradesh

Himachal Coronavirus Cases: सिरमौर में 31 कोरोना पॉजिटिव, प्रदेशभर में 94 संक्रमित

Mon, 27 Jul 2020 10:14 PM IST
अरविन्द ठाकुर अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला Published by: अरविन्द ठाकुर Updated Mon, 27 Jul 2020 10:14 PM IST
विज्ञापन
Himachal Pradesh Coronavirus Case News in Hindi: 27 July 2020 COVID 19 Positive Cases Updates Today in Himachal Pradesh
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : pixabay

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को 94 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। सिरमौर में 31, सोलन 15, कांगड़ा में 16, मंडी में 10, बिलासपुर 11, शिमला 5, चंबा में 3, ऊना दो और हमीरपुर में एक कोरोना पॉजिटिव मामला आया है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 2270 पहुंच गया है। 1025 सक्रिय मामले हैं। अब तक 1216 ठीक हो चुके हैं। सोमवार को 18 और मरीज ठीक हो गए हैं। कोरोना से 12 की मौत हुई है और 15 मरीज राज्य के बाहर चले गए हैं। सिरमौर जिले के गोविंदगढ मोहल्ले नाहन में 31 नए कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। जिला दंडाधिकारी सिरमौर डॉ आरके परूथी ने बताया कि 31 पॉजिटिव मामलों में से 11 युवक/पुरुष जिनकी उम्र 15 से 68 वर्ष, 14 युवती/महिलाएं जिनकी उम्र 12 से 60 वर्ष और 6 बच्चे शामिल हैं जिनकी उम्र 2 से 8 वर्ष के बीच है। सिरमौर जिले में अब एक्टिव मामलों की संख्या 210 हो गई है। सोलन जिले के बीबीएन में शाम को 15 नए कोरोना मामले आए हैं। सोलन नप ईओ, सेनेटरी ऑफिसर सहित छह कर्मचारी क्वारंटीन हो गए हैं। ये सभी रविवार को परवाणू में बैठक के दौरान कोरोना सक्रंमित के संपर्क में आए थे। 

विज्ञापन


मंडी जिले में 10 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। इनमें बस्सी गोहर से तीन मामले, कांगू सुंदरनगर से एक, डगयाल थुनाग से एक, सरकाघाट, बगस्याड़ और नेरचौक मेडिकल कॉलेज में एक एक मामला आया है। नागरिक अस्पताल सरकाघाट में कार्यरत महिला कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकली है। इससे पूरी सरकाघाट नगर पंचायत में हड़कंप मच गया है।जानकारी के मुताबिक महिला कर्मचारी का बेटा बीमार था, जिसे इलाज के लिए वह हाल ही में चंडीगढ़ लेकर गई थी। वहां से लौटने पर महिला कर्मचारी के सैंपल लिए गए थे, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उधर, मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने महिला को कोविड केंद्र में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं महिला कर्मचारी के निवास स्थल के आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया गया है। महिला कर्मचारी के संपर्क में आने वाले लोगों का पता लगाया जा रहा है। वरिष्ठ मेडिकल ऑफिसर पीएल वर्मा ने इसकी पुष्टि की है। महिला कर्मचारी अस्पताल के निकट ही क्वार्टर में रहती है। शिमला के भराड़ी में पांच नए पॉजिटिव मामले आए हैं। सभी बीते दिनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए पुलिस कर्मी के परिवार के सदस्य है। एसडीएम शिमला शहरी मंजीत शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।ऊना जिले में भी दो नए मामले आए हैं।
विज्ञापन



बिलापसुर जिले में कोरोना के 11 मामले एक साथ सामने आने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। सभी संक्रमित एम्स के मजदूर हैं जो बिहार से आए थे। सभी को एम्स में क्वारंटीन में रखा गया था। जिले में अब कोरोना का आंकड़ा 84 पहुंच गया है। सभी कोरोना संक्रमितों को इलाज के लिए कोविड अस्पताल चांदपुर शिफ्ट किया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

उपायुक्त बिलासपुर राजेश्वर गोयल ने बताया कि पॉजिटिव आए सभी संक्रमित एम्स के मजदूर हैं। सीएमओ बिलासपुर डॉक्टर प्रकाश दड़ोच ने बताया कि सभी संक्रमितों को इलाज के लिए कोविड अस्पताल चांदपुर शिफ्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त मामलों सहित जिला में कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा 84 पहुंच गया है।  इनमें से 51 संक्रमित कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं 33 संक्रमितों का कोविड केंद्र चांदपुर में इलाज चल रहा है।


वहीं, श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में वार्ड अटेंडेंट कांगू निवासी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। यह व्यक्ति रविवार को ही करीब दो दर्जन लोगों के संपर्क में आया है। उसका सैंपल मेडिकल कॉलेज में ही लिया गया था और उसे होम क्वारंटीन के निर्देश थे। उसने निर्देशों की अवहेलना की और रविवार को राशन डिपो में जाकर राशन भी लिया। करीब 23 लोगों के साथ संपर्क में रहा है।आम बेचने की बात भी सामने आ रही है। रविवार देर रात आई रिपोर्ट में वार्ड अटेंडेंट कोरोना पॉजिटिव पाया गया। उसके बाद क्षेत्र के लोग अपने और परिवार के स्वास्थ्य को लेकर चिंता में पड़ गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉ. देवेंद्र शर्मा ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव कांगू निवासी व्यक्ति को कोविड सेंटर जोगिंद्रनगर शिफ्ट कर दिया गया है। क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान शुरू कर घर-घर का दौरा करेगी। चंबा में सोमवार को तीन कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। भरमौर का 47 वर्षीय व्यक्ति, बाथड़ी की 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला और दो साल की बच्ची भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। दो मरीज स्वस्थ हो गए हैं। 

 ज्वेलर का परिवार निकला पॉजिटिव, दो शोरूम सील
उत्तराखंड के विकासनगर में प्रसिद्ध ज्वेलर के परिवार के 6 सदस्य कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद उनके उत्तराखंड व हिमाचल के पांवटा साहिब में स्थित शोरूम को सील कर दिया गया है। हालांकि, करीब 10 दिनों से शोरूम के मालिक, परिजन व कर्मचारी विकासनगर से पांवटा के शोरूम नहीं आए थे। फिर भी स्वास्थ्य विभाग ने स्थानीय शोरूम के कर्मियों को 6 दिन तक होम क्वारंटीन रहने के निर्देश दिए हैं। ऊना के टक्का रोड पर रहने वाली अध्यापिका नंगल पंजाब में कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। महिला इस वक्त ऊना में ही है। महिला को कोविड केयर सेंटर शिफ्ट किया है। महिला की कांटेक्ट हिस्ट्री खंगाली जा रही है। कोविड टेस्ट के बाद से महिला ऊना के टक्का रोड स्थित अपने घर पर थी। बताया जा रहा है कि महिला पति के डायलिसिस के लिए नंगल जाती थी। डायलिसिस सेंटर का ऑपरेटर पॉजिटिव आने के बाद महिला, उसके पति और ड्राइवर के सैंपल एहतियातन जांच को भेजे थे।

महिला के पति और ड्राइवर की रिपोर्ट निगेटिव है। मामला सामने आने के बाद महिला की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है।महिला के पॉजिटिव आने की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने महिला को कोविड केयर सेंटर शिफ्ट कर दिया है। सीएमओ डॉक्टर रमन शर्मा ने माइग्रेटेड इन कोरोना संक्रमित मामला सामने आने की पुष्टि की है। बिलासपुर के रघुनाथपुरा के एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पीजीआई चंडीगढ़ में पॉजिटिव आई है। संक्रमित बिलासपुर में लोक निर्माण विभाग का कर्मचारी है जिसका पीजीआई से कैंसर का इलाज चल रहा है। चेकअप के लिए वह चंडीगढ़ गया था। वहां इसका कोरोना टेस्ट लिया गया जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उक्त संक्रमित लोनिवि के धौलरा स्थित स्टोर में ड्यूटी दे रहा था। इसी दौरान इसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ डॉ प्रकाश दड़ोच ने कहा कि संक्रमित की ट्रेवलिंग हिस्ट्री खंगाली जा रही है।

अब संस्थागत क्वारंटीन होंगे कांगड़ा आने वाले सेना के जवान 
कांगड़ा जिला में सेना के जवानों के संक्रमित होने की तादाद बढ़ने पर उपायुक्त राकेश प्रजापति ने बड़ा फैसला लिया है। कांगड़ा जिला में आने पर अब सेना और पैरा मिलिट्री के सभी जवान संस्थागत क्वारंटीन किए जाएंगे। सेना के जवानों को पहले छूट दी गई थी कि वे होम क्वारंटीन होंगे। इसके अलावा उपायुक्त ने अब 20 शहरों से आने वाले सभी लोगों को संस्थागत क्वारंटीन करने का फैसला भी लिया है। पहले इन शहरों की संख्या 13 थी।

सचिवालय में कोरोना पॉजिटिव आने से सहमे कर्मचारी  
सचिवालय में कोरोना पॉजिटिव का मामला आने से कर्मचारी सहम गए हैं। संगठनों के पदाधिकारियों ने सचिवालय के पुराने भवन को बंद करने की मांग की है। उनका कहना है कि कर्मचारियों में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब लॉकडाउन की जरूरत है। सचिवालय सेवाएं अधिकारी महासंघ के अध्यक्ष कुलतार सिंह राणा का कहना है कि जहां पर कोरोना संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे सभी क्षेत्रों में पूर्णबंदी लागू होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त दूसरे क्षेत्रों में एहतियात बरती जानी चाहिए। मुख्य सचिव को लिखे पत्र में उन्होंने सचिवालय में बढ़ रहे मामलों को लेकर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि सचिवालय में अनावश्यक आमद पर प्रतिबंध लगना चाहिए। उन्होंने सचिवालय कर्मचारी संगठन के प्रदेशाध्यक्ष संजीव शर्मा और मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। 

 

एचआरटीसी के वाइस चेयरमैन के संपर्क में आए एसडीएम और बीडीओ समेत 60 लोग

भाजपा के पूर्व विधायक एवं एचआरटीसी के वाइस चेयरमैन की गलती से न केवल जनता, बल्कि कई बड़े अधिकारियों को भी खतरा हो गया है। एसडीएम नादौन, बीडीओ नादौन, जिला राजस्व अधिकारी समेत 60 से अधिक लोग कोरोना संक्रमित पूर्व विधायक के प्राथमिक संपर्क में आए हैं। साथ ही उपायुक्त कार्यालय हमीरपुर की निजी सचिव, निजी सहायक, दो चपरासी समेत चार लोग भी उनके प्राथमिक संपर्क में आए हैं। 21 जुलाई को पूर्व विधायक मिनी सचिवालय हमीरपुर में उपायुक्त से मिलने आए थे, लेकिन उपायुक्त के अपने कार्यालय से बाहर होने के कारण वह बाकी स्टाफ से मिले। उनके संपर्क में आए सभी लोगों को गृह संगरोध में रहने के आदेश जारी हुए हैं। इसके साथ ही पूर्व विधायक की पत्नी और बेटा व घर पर अन्य सदस्य भी उनके प्राथमिक संपर्क में हैं। जबकि पूर्व विधायक को एचआरटीसी का वाइस चेयरमैन बनने पर मिला सरकारी वाहन का चालक व निजी सचिव भी उनके प्राथमिक संपर्क में हैं।

डॉ. राधा कृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज हमीरपुर में सैंपल देने के बाद भाजपा नेता ने हमीरपुर के गांधी चौक पर रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान पर शॉपिंग की थी। यहां एक रेस्टोरेंट में चाय पीने के बाद वह आधा दर्जन अन्य दुकानों में भी गए। गांधी चौक पर कई अपने पहचान के लोगों से मुलाकात करने के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र में कई कार्यक्रमों में भाग लिया। दो लोगों के घर पर शोक प्रकट करने भी गए थे। उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा ने कहा कि एहतियातन जिन-जिन दुकानों में भाजपा नेता गए थे, उन्हें कुछ दिनों तक बंद रखने और दुकानों के सभी स्टाफ को क्वारंटीन में रहने के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही एचआरटीसी के वाइस चेयरमैन के गांव को भी कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। उनके प्राथमिक संपर्क में 60 से अधिक लोगों की सोमवार शाम तक पहचान की जा चुकी है। संपर्क में आए लोगों के सैंपल भी लिए जा रहे हैं।
 

भाजपा नेता, अतिरिक्त महाधिवक्ता समेत चार के खिलाफ पुलिस में शिकायत 

 प्रदेश कांग्रेस ने मंडी के एक भाजपा नेता सहित 3 लोगों के खिलाफ कोविड-19 के दिशा-निर्देशों की अनुपालना न करने पर सोमवार को शिमला सदर थाना में शिकायत दी है।
शिकायत में कहा गया है कि भाजपा प्रवक्ता, अतिरिक्त महाधिवक्ता, ठेकेदार और ड्राइवर ने जानबूझकर नियमों की अवहेलना करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय सहित प्रदेश उच्च न्यायालय और प्रदेश के अनेक अस्पतालों में संक्रमण को फैलाने की कोशिश की है। इसलिए इनके खिलाफ हत्या की साजिश रचने का मामला दर्ज हो।

कांग्रेस लीगल सेल के संयोजक अधिवक्ता देवेन भट्ट, चंद्र मोहन, कांग्रेस सचिव वेद प्रकाश ठाकुर और पवन चौहान ने ऐसी शिकायत थाने में दी है। इसमें लिखा है कि भाजपा प्रवक्ता सहित इन लोगों के बुखार, खांसी की शिकायत के चलते कोविड टेस्ट लिए गए थे। इन्हें रिपोर्ट आने तक संस्थागत या होम क्वारंटीन होना आवश्यक था। लेकिन, ये लोग कई जगह घूमे। इस दौरान आम लोगों के बीच भी गए। अब जबकि यह चारों संक्रमित पाए गए हैं। ऐसे में इनके संपर्क में आय 90 से अधिक लोग भी संक्रमित हो गए हैं। यह चिंता का विषय है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed