हिमाचल में छह और कोरोना संक्रमितों की मौत, 236 नए पॉजिटिव मामले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश में शनिवार को छह और कोरोना संक्रमितों की मौत की पुष्टि हुई है। मंडी जिले की जोगिंद्रनगर तहसील क्षेत्र की कोरोना पॉजिटिव 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने टांडा अस्पताल में दम तोड़ दिया। महिला को बीपी और शूगर की दिक्कत थी। वहीं, कुल्लू जिले में कोरोना से चौथी मौत हो गई है। मिशन अस्पताल मनाली में इलाज के दौरान 57 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मौत के बाद व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। मृतक गुर्दे की बीमारी और उच्च रक्तचाप से पीड़ित था। जिला कोविड-19 अस्पताल धर्मशाला में ऊना जिले के अंब की हीरा नगर कॉलोनी के कोरोना पॉजिटिव 63 वर्षीय व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। मृतक को 17 सितंबर को सांस लेने में दिक्कत, बुखार और खांसी की शिकायत के बाद ऊना से धर्मशाला रेफर किया गया था। आईजीएमसी में रामपुर के 42 वर्षीय व्यक्ति की भी मौत हो गई। मौत के बाद व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। चंबा जिले में शनिवार को कोरोना से एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। पांगी के 68 वर्षीय बुजुर्ग ने चंबा मेडिकल कॉलेज से धर्मशाला ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। ऊना में 80 साल की बुजुर्ग महिला की कोरोना से मौत की पुष्टि की है। प्रदेश के कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा 114 पहुंच गया है।
उधर, शिमला में स्पेशल सेक्रेटरी स्वास्थ्य निपुण जिंदल का चालक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। स्पेशल सेक्रेटरी स्वास्थ्य निपुण जिंदल ने खुद को क्वारंटीन कर लिया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने भी खुद को क्वारंटीन कर लिया है। वहीं,शनिवार को प्रदेश में 236 नए मामले आए हैं। चंबा 16, शिमला 35, मंडी 40, कुल्लू 15, हमीरपुर 6, सोलन 46, लाहौल-स्पीति 1, ऊना 6, कांगड़ा 43 और सिरमौर जिले में 28 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। शिमला जिले में ढली, आईजीएमसी, कसुम्पटी, नेरवा, चौपाल, कोटखाई, रामपुर, कृष्णानगर, समरहिल, खलीनी, जाखू, सिरमौर, रोहड़ू, मैहली, संजौली, परिमहल, ननखड़ी, मल्याणा, बैम्लोई, आरट्रैक और चंबा से नए मामले आए हैं। सोलन जिले में शनिवार को दो गर्भवती महिलाओं और 4 फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं समेत 32 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। ऊना जिले में डॉक्टर समेत छह नए कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। लाहौल में वन अधिकारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 11908 पहुंच गया है। 4308 सक्रिय मामले हैं। 7457 मरीज ठीक हो गए हैं। शनिवार को 403 और मरीज ठीक हो गए हैं।
सचिवालय में कई अफसर क्वारंटीन
वहीं, सचिवालय के चालकों में कोरोना संक्रमण फैलने से कई अफसर क्वारंटीन हो गए हैं। अब तक सचिवालय में चार चालक पॉजिटिव निकले हैं। इनमें से तीन स्वास्थ्य विभाग से संबंधित हैं।
इस कारण अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान क्वारंटीन हो गए हैं। विशेष सचिव स्वास्थ्य व एमडी एनएचएम डॉ. निपुण जिंदल भी क्वारंटीन हो गए हैं, इनका ड्राइवर भी पॉजिटिव निकला है।
सलाहकार योजना बसु सूद का ड्राइवर भी पॉजिटिव आया है। वह भी आइसोलेट हो गए हैं। अब और ड्राइवरों के सैंपल लिए जा रहे हैं। अफसर भी एहतीयातन सीएमओ कार्यालय को सूचित कर टेस्ट करवा रहे हैं।