कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा जन्मदिन पर कायम करेंगे अनूठी मिसाल
ऊना के कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा एक अनूठी मिसाल कायम करने जा रहे हैं। 23 अगस्त को अपने जन्मदिवस पर रायजादा ‘जनसेवा योजना’ शुरू करेंगे। योजना के तहत रायजादा अपने वेतन से गरीब परिवारों के खातों में हर महीने 1500-1500 रुपये जमा कराएंगे।
उन्होंने अपने चुनाव क्षेत्र से ऐसे 30 गरीब परिवारों का चयन कर लिया है, जिन्हें इस योजना के तहत लाभ दिया जाना है। रायजादा के मुताबिक आगे भी ऐसे गरीब परिवारों को इस योजना में शामिल किया जाएगा।
बनाया है ट्रस्ट
रायजादा ने इसके लिए ट्रस्ट बनाया है, जिसमें खुद के वेतन के साथ देश-विदेश में रह रहे अपने रिश्तेदारों, दोस्तों का भी सहयोग लेंगे। शुरुआत में हर महीने 45 हजार रुपये की आर्थिक मदद जमा होगी।
रायजादा की मानें तो विधायक और सांसद अगर ऐसी पहल करें तो समाज में न गरीबी रहेगी और न ही गरीबी के नाम पर चुनावी मुद्दे जीवित रह पाएंगे। अधिवक्ता शिवदत्त वशिष्ठ, प्रेमपाल रायजादा, जगजीत सिंह रायजादा, हरीश अटवाल, कुमार गौरव आदि ने विधायक के इस कदम का स्वागत किया है।