..तो अब ऐसे सामने आएगी थप्पड़ कांड के वीडियो की सच्चाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस विधायक और महिला कांस्टेबल के बीच थप्पड़ कांड के वायरल वीडियो की जांच फोरेंसिक लैब में होगी। शिमला पुलिस वीडियो की जांच के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचेगी। वीडियो देखने पर पता चल रहा है कि पहले कांग्रेस विधायक आशा कुमारी ने महिला कांस्टेबल को थप्पड़ जड़ा और उसके तुरंत बाद महिला कांस्टेबल ने भी विधायक को तमाचा जड़ दिया।
किसी ने मौके पर घटना का वीडियो बना दिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। कांस्टेबल की ओर से कांग्रेस विधायक के खिलाफ थाना सदर में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। आशा कुमारी ने भी महिला कांस्टेबल के खिलाफ शिकायत दी है लेकिन विधायक की शिकायत पर मुकदमा कायम नहीं हुआ है।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि विधायक ने ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल को थप्पड़ मारा है और पलट कर कांस्टेबल ने भी थप्पड़ जड़ दिया। अब दोनों पक्षों की जांच हो रही है। पुलिस का कहना है कि अगर जरूरत पड़ी तो जांच में शामिल होने के लिए आशा कुमारी को भी बुलाया जाएगा।
यह था घटनाक्रम
उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के आगमन के दौरान आशा कुमारी और एक महिला कांस्टेबल के बीच थप्पड़ मारे जाने की घटना से पूरा प्रदेश स्तब्ध रह गया।
तेजी से सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दोनों एक-दूसरे पर थप्पड़ मारतीं नजर आ रही थीं।
बीते शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर बुलाई गई बैठक के दौरान विधायक और महिला कांस्टेबल के बीच अंदर जाने को लेकर कहासुनी हुई। बात एक-दूसरे को थप्पड़ मारने तक पहुंच गई। बाद में थप्पड़बाजी की घटना का वीडियो वायरल हो गया।
पुलिस अधीक्षक सौम्या सांबशिवन ने कहा कि थप्पड़ मामले में वायरल वीडियो की फोरेंसिक जांच करवाई जा रही है। पुलिस हर पहलू पर तफ्तीश कर रही है।