शिमला नगर निगम परिधि में आदर्श आचार संहिता लागू, ये है वजह
सांगटी वार्ड में खाली चल रहे नगर पार्षद के पद के लिए 12 जनवरी को चुनाव होंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव का शेडयूल जारी कर दिया है। इसके तहत 27 दिसंबर तक मतदान केंद्रों की सूची जारी की जाएगी।
27 से 29 दिसंबर तक नामांकन होंगे। 31 दिसंबर को इन नामांकनों की स्क्रूटनी होगी। दो जनवरी शाम तीन बजे तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन शाम को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
इस दिन तक लागू रहेगी आचार संहिता
इसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी दिए जाएंगे। बारह जनवरी को मतदान होगा। वार्ड के लोग सुबह आठ से शाम चार बजे तक वोट डाल सकेंगे। मतगणना के दिन ही शाम को मतगणना की जाएगी और नतीजा घोषित किया जाएगा।
वार्ड में पार्षद पद सितंबर माह से खाली चल रहा था। इसके चलते वार्ड के लोगों को अपने कामों और प्रमाण पत्र बनाने के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे थे।
अब जल्द ही वार्ड को अपना पार्षद मिल जाएगा। इसके साथ ही राज्य चुनाव आयोग ने नगर निगम शिमला की परिधि में आज से चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक आदर्श आचार संहिता लागू करने के निर्देश दिए हैं।