गैर कानूनी तरीके से नहीं हड़पने देंगे जमीन: वीरभद्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शनिवार को हमीरपुर में जनसभा कर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और उनके बेटे सांसद अनुराग ठाकुर पर तीखे हमले किए।
गांधी चौक पर जनसभा को संबोधित करते हुए वीरभद्र ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को गैर कानूनी तरीके से सरकारी जमीन नहीं हड़पने देंगे।
अनुराग ठाकुर ने एचपीसीए को पहले एचपी कोआपरेटिव सोसायटी में हिमालयन प्लेयर क्रिकेट एसोसिएशन के नाम से पंजीकृत करवाया। बाद में प्रदेश सरकार को बताए बिना इसे कंपनी एक्ट में तबदील कर दिया।
धर्मशाला में एचपीसीए के नाम पर करोड़ों की बेशकीमती जमीन पर स्टेडियम और दि पवेलियन बना दिया। उन्होंने कहा कि एचपीसीए किसी व्यक्ति विशेष की संपत्ति नहीं है।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि एचपीसीए में पूर्व मुख्यमंत्री को इसका मुख्य संरक्षक और उनके पुत्र एवं सांसद अनुराग ठाकुर को अध्यक्ष मनोनीत करने के अतिरिक्त बिना किसी वोट के उनके मित्रों को एसोशिएसन का आजीवन सदस्य मनोनीत कर दिया था।
नकेल कसने के लिए ही सरकार खेल विधेयक लेकर आई
उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि एचपीसीए के गठन के बाद रणजी ट्रॉफी मैचों में कितने खिलाड़ियों को अवसर प्रदान किया गया। वीरभद्र सिंह ने कहा कि एचपीसीए के अधिकांश आजीवन सदस्य पंजाब से हैं। एसोशिएसन और खेल निकायों को लोकतांत्रिक तरीके से चुना जाना चाहिए।
इस तरह के हथकंडों पर नकेल कसने के लिए ही सरकार खेल विधेयक लेकर आई है। एचपीसीए का अध्यक्ष कोई भी बने लेकिन चुनाव कानून और नियमों के दायरे में होना चाहिए।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि जिन लोगों को खुद पर विश्वास नहीं होता, वे ऊपरी और निचले हिमाचल की राजनीति करते हैं। कांग्रेस सरकार पूरे प्रदेश का एक समान विकास करने में विश्वास रखती है। जनसभा में जुटे जनसमूह को देखकर मुख्यमंत्री ने राजेंद्र राणा की प्रशंसा भी की।