हिमाचल: सुक्खू का जयराम के बयान पर पलटवार, बोले- विधायक निधि नहीं रोकी, भाजपा के पास कोई चिट्ठी है तो दिखाए
विपक्ष के आरोप पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने पलटवार किया कि यह लोग सिर्फ बहाना ढूंढ रहे हैं कि विधायक निधि बंद हो। उन्होंने कहा कि 10 हजार करोड़ रुपये का क्लेम जो दिसंबर में मिलना चाहिए था, विपक्ष के लोग उसे रुकवाने का काम कर रहे हैं।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार ने विधायक निधि नहीं रोकी है। उन्होंने पूछा कि भाजपा के पास कोई चिट्ठी है तो बताए। विपक्ष के आरोप पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने पलटवार किया कि यह लोग सिर्फ बहाना ढूंढ रहे हैं कि विधायक निधि बंद हो। उन्होंने कहा कि 10 हजार करोड़ रुपये का क्लेम जो दिसंबर में मिलना चाहिए था, विपक्ष के लोग उसे रुकवाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नियम के अनुसार इसे भेजा गया है। शनिवार को राजभवन परिसर शिमला में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता है कि जयराम ठाकुर बोल क्या रहे हैं। वह यह कह रहे हैं कि विधायक निधि को बंद कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार की जानकारी वह सचिवालय से प्राप्त कर रहे हैं और फाइल के पीछे इतना घूम रहे हैं, अच्छा होता कि जब हिमाचल प्रदेश में आपदा आई थी तो प्रभावित परिवारों के लिए वह नई दिल्ली में जाकर केंद्रीय मंत्रियों से मिलते और अनुरोध करते और राज्य को विशेष राहत पैकेज मिलता। उन्होंने कहा कि वह ठगने का काम कर रहे हैं। यह चीज उन्हें समझनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विधायक निधि किसी प्रकार से नहीं रोकी गई है। मीडिया की सुर्खियां बनने के लिए अगर वह ऐसा कर रहे हैं तो गलत कर रहे हैं। आपदा राहत पैकेज मिलना चाहिए, उसके लिए वह खड़े नहीं हुए।
उन्होंने तीन दिन तक चर्चा की और बड़ी-बड़ी बातें कीं। उन्हें प्रदेश के लोगों की चिंता करनी चाहिए। विधानसभा में आपदा राहत पैकेज पर जब बात की तो उसके लिए वह खड़े नहीं हुए। अभी सिर्फ बहाना यह ढूंढ रहे हैं कि विधायक किसी तरह से बंद हो जाए। साथ दें और कंधे से कंधा मिलाकर प्रदेश के विकास में योगदान दें।
#WATCH | Shimla: Himachal Pradesh CM Sukhvinder Singh Sukhu says, "He (Jairam Thakur) is working to find the file regarding MLA fund. It would have been better if he had worked to provide a special relief package to Himachal Pradesh during the disaster... Now when we are about to… pic.twitter.com/CMlZdFqZFd
— ANI (@ANI) January 27, 2024
विधायक निधि जारी करने के लिए भाजपा का अल्टीमेटम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से विधायक निधि रोकने का फैसला सिर्फ लोगों को परेशान करने के लिए किया गया है। सरकार खुद कुछ कर नहीं रही है। इसलिए वह चाहती है कि विधायकों को भी कुछ करने से रोका जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि 28 जनवरी तक विधायक निधि का बाकी का पैसा जारी नहीं होगा तो बीजेपी का विधायक दल प्राथमिकता बैठक का बहिष्कार करेगा। शनिवार को जयराम ने कहा कि सीएम की नीयत नहीं थी कि वह विधायक निधि का पैसा दें। अब भाजपा के दबाव के बाद वह समझ नहीं पा रहे हैं कि क्या किया जाए। विधायक निधि का जो पैसा नवंबर में जारी हो जाना चाहिए था, वह अभी तक क्यों जारी नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि विधायक निधि से हर विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में अत्यावश्यक विकास कार्यों के लिए धनराशि जारी करते थे, जिससे बहुत से जनहित के कार्य समय पर हो जाते थे और लोगों को राहत मिलती थी। जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री सीयू परिसर को लेकर अपना रुख स्पष्ट करें कि वह धर्मशाला में परिसर चाहते हैं कि नहीं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एक चुने हुए अल्पसंख्यक जनप्रतिनिधि के साथ हारे हुए कांग्रेसी नेताओं की ओर से गाली-गलौज करने की घटना बहुत शर्मनाक है।