Himachal Pradesh: पंजाब सीमा पर पैरामिलिट्री फोर्स तैनात; 10 बस रूट स्थगित; सीएम सुक्खू ने मान से की बात
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से फोन पर बात हुई है। पंजाब के मुख्यमंत्री ने सुरक्षित वातावरण मुहैया कराने का आश्वासन दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में एचआरटीसी की बसों पर जनरैल सिंह भिंडरावाले के पोस्टर लगाने और तोड़फोड़ के बाद कांगड़ा, ऊना और अन्य जिलों के सीमांत इलाकों पैरामिलिट्री फोर्स और प्रदेश पुलिस तैनात कर दी है। पंजाब में हालात पर नजर रखने और अधिकारियों से बात करने के लिए एचआरटीसी के 6 क्षेत्रीय प्रबंधक और एक मंडलीय प्रबंधक को अलग-अलग शहरों में तैनात किया गया। निगम ने बुधवार को होशियारपुर के 10 रूटों पर बस सेवा स्थगित की। उधर, पंजाब की हिमाचल आने वाली अधिकतर बसें भी नहीं आईं। बुधवार को होशियारपुर के सिर्फ छह रूटों पर ही हिमाचल से बसें भेजी गईं। स्थिति सामान्य होने पर अन्य रूट बहाल किए जाएंगे।
वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को सदन में बताया कि मामले में उनकी पंजाब के सीएम भगवंत मान से बात हुई है। मुख्यमंत्री मान ने शरारती तत्वों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने के साथ ही सुरक्षा मुहैया करवाने का वादा किया है। सुक्खू ने कहा- हम पहले महापंजाब का हिस्सा रहे हैं। पंजाब हमारा बड़ा भाई है। पंजाब के लोग हमारे सम्मानीय हैं। वह सभी गुरुओं का सम्मान करते हैं। इस मामले में दोनों राज्यों के डीजीपी के स्तर पर बात होगी। जो भी बात होगी और जो भी सुरक्षा मिलेगी, वह भी मुहैया होगी।
इससे पहले इस पर वक्तव्य देते हुए उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मामले में हम पंजाब सरकार और प्रशासन से संपर्क में हैं। हमने अपने अधिकारी रोपड़, मोहाली आदि जगह पर लगाए हैं। कल भी रात तक अधिकारी इस काम में लगे रहे। परस्पर सहयोग से ही बसें एक-दूसरे के राज्यों में जाती हैं। 17 मार्च को निगम की बस जालंधर से मनाली रूट पर आ रही थी तो कुछ असामाजिक तत्वों ने बस पर जबरन पोस्टर लगाए। पालमपुर-जालंधर बस में भी पोस्टर चिपकाए गए। शरारती तत्वों ने एक अन्य बस पर पत्थर भी फेंके।
सोशल मीडिया पर कई तरह की पोस्ट डल रही है। एक-दूसरे के प्रति असम्मान की भावना झलक रही है। एसपी होशियारपुर को भी पत्र लिखा गया है और एसएसपी मोहाली को भी सूचित किया गया है। उन्होंने कहा कि निशान साहिब, गुरु नानक देव, गुरु गोबिंद सिंह के पोस्टर से कोई दिक्कत नहीं है, मगर हिमाचल प्रदेश की बसों पर अलग तरह के पोस्टर लगाते हैं। प्रदेश सरकार ने चालकों और परिचालकों को किसी भी तनावपूर्ण स्थिति होने पर प्रबंधन को सूचित करने के निर्देश दिए। बस को नजदीकी थाने तक पहुंचाने को कहा गया है। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि जहां से एचआरटीसी के बसें गुजर रही है, वहां के जिला एसएसपी से बात की गई है। सभी से सुरक्षा का आश्वासन मिला है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि पंजाब में जो हो रहा है, वह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के समय धर्मशाला में आपत्तिजनक नारे लिखे गए तो हमने दो दिन में कार्रवाई की। इस संबंध में तुरंत पंजाब के मुख्यमंत्री से बात की जाए। माहौल किसी और दिशा में जा रहा है। हिमाचल के आमजन की सुरक्षा की जिम्मेवारी हिमाचल सरकार की है। इस मामले का समाधान निकाला जाए।
कांगड़ा, ऊना की सीमा पर वाहनों की जांच
कंडवाल और भदरोआ क्षेत्र में पैरामिलिट्री फोर्स की डेढ़ यूनिट तैनात की गई है। वहीं, शेखपुरा और मिलवां क्षेत्र में हिमाचल पुलिस के जवान ने मोर्चा संभाल रखा है। पंजाब से कांगड़ा में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है। संसारपुर टैरेस और गगरेट के आशादेवी बॉर्डर पर पुलिस तैनात हो गई है। पुलिस ने पंजाब से आने वाले वाहनों की जांच भी की।
क्षेत्रीय प्रबंधक सोलन को डेरा बस्सी, क्षेत्रीय प्रबंधक परवाणू को खरड़, क्षेत्रीय प्रबंधक नालागढ़ को किरतपुर, क्षेत्रीय प्रबंधक पठानकोट को सरहिंद, क्षेत्रीय प्रबंधक बिलासपुर को आनंदपुर साहिब, क्षेत्रीय प्रबंधक चंडीगढ़- को ऊना चंडीगढ़ लाइन, मंडलीय प्रबंधक धर्मशाला को पठानकोट लाइन में लगाया है।
सरहिंद में भी शरारती तत्वों ने बस की खिड़की का शीशा तोड़ा
मंगलवार देर रात चंबा से दिल्ली जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम पठानकोट डिपो की बस के सरहिंद में पहुंचने पर कुछ शरारती तत्वों ने खिड़की पर भारी चीज फेंककर कर खिड़की का शीशा तोड़ दिया। परिचालक मोहित अवस्थी ने बताया कि चालक बृज मोहन के साथ वह चंबा–दिल्ली रूट की बस पर रात लगभग 12:30 से 1 बजे के बीच सरहिंद में भारी चीज मारने से खिड़की का शीशा टूट गया। शीशे के टुकड़े दबस के अंदर बैठी महिला पर गिरे। ऐसे में ड्राइवर ने गाड़ी को भगाना ही उचित समझा। परिचालक के अनुसार गाड़ी में उस समय कुल 30 सवारियां बैठी थीं। क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि उप निरीक्षक राजेश सागर को सरहिंद भेज दिया गया है। इस विषय में सरहिंद पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई जा रही है।