हिमाचल मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर सीएम ने कही बड़ी बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद अब प्रदेश मंत्रिमंडल में विस्तार को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। शुक्रवार को पत्रकारों से औपचारिक बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने साफ कहा कि हाईकमान से चर्चा के बाद प्रदेश मंत्रिमंडल में बदलाव पर फैसला लिया जाएगा।रिक्त पदों पर नियुक्ति को लेकर भी केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा बोर्ड निगमों में भी तैनाती पर उसके बाद ही निर्णय होगा। केंद्र में मोदी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद हिमाचल लौटे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को राज्य सचिवालय में कामकाज संभाल लिया। करीब ढाई महीने के अंतराल के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने कुछ अफसरों से बैठक की और आम लोगों की जन सुनवाई भी की।
जेपी नड्डा की ताजपोशी और प्रशासनिक ट्रिब्यूनल पर ये कहा
उन्होंने केंद्र में राज्य मंत्री बनने पर हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर को बधाई दी। साथ ही उम्मीद जताई कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को भी जल्द ही बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी।
बातचीत के दौरान जयराम ने कहा कि प्रशासनिक ट्रिब्यूनल को लेकर प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा की जाएगी और उसके बाद ही इसे बहाल रखने या बंद करने पर निर्णय किया जाएगा।
उप चुनाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सही समय आने पर प्रत्याशियों और चुनाव को लेकर तैयारी और घोषणा की जाएगी। विधायक अनिल शर्मा के मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों की रिपोर्ट के आधर पर ही आगे की कार्रवाई होगी।
निवेश के लिए अनुकूल माहौल
मुख्यमंत्री ने धर्मशाला में प्रस्तावित इनवेस्टर मीट के दौरान भारी निवेश की उम्मीद जताई। कहा कि प्रयास होगा कि निवेशक को सही माहौल मिले, ताकि वह निवेश को प्रोत्साहित हो। इसके लिए कई नीतियां बदली जा रही हैं।
प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहतर है, ऐसे में हिमाचल निवेशकों के लिए अनुकूल साबित होगा। औद्योगिक पैकेज खत्म होने का निवेश पर असर नहीं होगा। निवेशकों के लिए केंद्र से जो मदद लेनी होगी, वह ली जाएगी।