सीएम जयराम ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात, उठाई ये बड़ी मांग
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने केंद्रीय मंत्री से हिमाचल में एनडीआरएफ (नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) बटालियन तैनात करने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में प्राकृतिक आपदाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में एनडीआरएफ की एक बटालियन तैनात होने से राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाई जा सकती है।
उन्होंने पुलिस के आधुनिकीकरण के लिए केंद्र से विशेष पैकेज की मांग के साथ सीमांत क्षेत्रों में तैनात होने वाली एसपीओ का मानदेय तीन हजार से बढ़ाने के लिए भी मदद मांगी।
नार्थ ईस्ट राज्यों की तरह हिमाचल चले हेली टैक्सी
मुख्यमंत्री ने नार्थ ईस्ट राज्यों की तरह हिमाचल में हेली टैक्सी सेवाएं संचालित करने के लिए केंद्र से सहयोग मांगा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लिए रियायती अनुदान दरों पर हेली टैक्सी सेवाओं की पैरवी करते हुए कहा कि इससे न केवल प्राकृतिक आपदाओं से तुरंत निपटने में मदद मिलेगी
बल्कि राज्य के दूरवर्ती क्षेत्रों में कनेक्टिविटी प्रदान करने के अलावा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। केंद्रीय मंत्री राजनाथ ने हिमाचल के लिए भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।