पूजा-पाठ के बाद जयराम ने सीएम आवास में किया गृह प्रवेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूजा-पाठ के बाद अपने सरकारी आवास ओक ओवर में गृह प्रवेश किया। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री पर्यटन विभाग के पीटरहॉफ होटल में ठहरे हुए थे। ओक ओवर में पिछले कुछ दिनों से मरम्मत का काम चल रहा था।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अपने कार्यकाल के दौरान ओक ओवर में नहीं रहे। वीरभद्र अपने निजी आवास होलीलॉज में रहते थे। इस दौरान ओक ओवर विरान रहा। अब नए मुख्यमंत्री के परिवार सहित सरकारी आवास में शिफ्ट होने से सियासी और प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र ओक ओवर रहेगा।
मुख्यमंत्री ने पत्नी साधना सिंह और बेटियों के साथ गृह प्रवेश किया। इससे पहले आवास पर पूजा करवाई गई। घर में स्थापित शिव मंदिर में भी पूजा की गई। इस मौके पर सीएम के परिवार के अलावा उनका निजी स्टाफ और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम के प्रधान निजी सचिव विनय सिंह, ओएसडी महेंद्र धर्माणी के अलावा कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी।
घर का मुआयना करने से बाद सीएम ने वहां उनसे मिलने आए लोगों से भी मुलाकात की। गृह प्रवेश के बाद मुख्यमंत्री को बधाई देने वालों और मिलने वालों का तांता लगा रहा।
सीएम दो जनवरी से बिलासुपर और मंडी दौरे पर
मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद जयराम ठाकुर पहली बार प्रदेश के दौरे पर निकलेंगे। सीएम दो दिवसीय दौरे की शुरुआत केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के जिले बिलासपुर से करेंगे। बिलासपुर के बाद अपने गृहजनपद मंडी का प्रवास करेंगे। इस दौरान वह शिमला और सोलन जिले के कई क्षेत्रों में भाजपा मंडल कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
4 जनवरी को सुबह 10 बजे शिमला पहुंच जाएंगे। इसी दिन मंत्रिमंडल की बैठक होगी। मुख्यमंत्री जयराम नववर्ष पर राजधानी शिमला में रहेंगे। इस दौरान उनकी मुख्य सचिव विनीत चौधरी समेत आला अधिकारियों के साथ कैबिनेट में लाए जाने वाले एजेंडों को लेकर बैठक होगी।
मुख्यमंत्री सोमवार को दूसरा बड़ा प्रशासनिक फेरबदल भी कर सकते हैं। राजधानी के कुछ क्षेत्रों के निरीक्षण पर भी मुख्यमंत्री जा सकते हैं। मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री प्रदेश के दौरे पर निकलेंगे। सुबह दस बजे शिमला से वह शिमला ग्रामीण के घणाहट्टी पहुंचेंगे। वहां स्वागत समारोह के बाद सोलन जिला के गेलोग जाएंगे।
वहीं से नम्होल और नौणी होते हुए शाम को बिलासपुर जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। उनका रात्रि प्रवास बिलासपुर रहेगा। अगले दिन वह सलापड़ होते हुए सुंदरनगर और मंडी जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। रात्रि प्रवास मंडी में करने के बाद अगले दिन सुबह शिमला लौटेंगे।