मुख्यमंत्री ने किया एलान, ‘अमर उजाला’ में छपी खबर पर लगाई मुहर
हिमाचल प्रदेश में स्थापित 33 टोल बैरियर बंद किए जाएंगे। आगामी 27 मार्च को होने वाली कैबिनेट की बैठक में इस मसौदे को स्वीकृति के लिए रखा जाएगा।
यह एलान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को मैहतपुर-बसदेहड़ा में आयोजित जनसभा में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती द्वारा रखी गई मांग को स्वीकृति देते हुए किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को राहत दिलाने के लिए यह फैसला लिया जाएगा।
गौर हो कि ‘अमर उजाला’ ने 23 मार्च को ‘सूबे में सभी टोल बैरियरों को बंद करने की तैयारी’ शीर्षक से इस मसले पर समाचार प्रकाशित किया था।
इसमें जिक्र किया गया था कि सरकार में इसको लेकर मंथन चल रहा है और आगामी कैबिनेट में यह मामला रखा जाएगा। सीएम ने कहा कि सरकार को बेशक इन बैरियरों से लगभग 106 करोड़ रुपये की आमदनी होती है, लेकिन जनता का हित सर्वोपरि है।
अगर हिमाचल की आम जनता को इनसे कोई परेशानी है तो इस दिशा में सोचा जाएगा और लोगों की परेशानी को दूर किया जाएगा।
इस मौके पर ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार, पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा, विधायक बलवीर चौधरी और राजेश ठाकुर के अलावा जिलाध्यक्ष बलवीर बग्गा आदि भाजपा नेता मौजूद रहे।
नई खनन नीति बनाएगी सरकार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में नई खनन नीति बनाने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन पर लगाम लगाने व वैज्ञानिक तरीके से खनन को लेकर मौजूदा नीति को बदलने की जरूरत है। सीएम शनिवार को ऊना के झुड़ोवाल में जनसभा से पूर्व पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि देवभूमि में दुराचार के बढ़ते मामलों को देखते हुए एक सशक्त कानून की आवश्यकता है। हिमाचल सरकार महिला सुरक्षा को लेकर हरियाणा सरकार की तर्ज पर दुराचार के मामलों में सख्त कानून की पक्षधर है। इस मामले में अध्ययन कर विधेयक सदन में रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ऊना विधानसभा क्षेत्र में करीब 54.55 करोड़ की योजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन किए। रविवार को भी मुख्यमंत्री गगरेट क्षेत्र में करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। सीएम ने कहा कि सरकार व्यवस्थित तरीके से चल रही है। हमें किसी बात की जल्दी नहीं है।
जयराम ने कहा कि विपक्ष में विधायक दल के नेता सदन में बोलना तो चाहते हैं, लेकिन पूर्व सीएम वीरभद्र की मौजूदगी में परफार्म नहीं कर पाते और बाहर आकर सरकार से अनाप-शनाप सवाल करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के सांसद कांग्रेस के सवालों का जवाब भी देंगे और 2019 में चारों लोकसभा सीटें भी जीतेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जाते-जाते प्रदेश में 16 डिग्री कॉलेज खोल दिए। वित्त विभाग से पूछा गया तो पता चला कि प्रत्येक कॉलेज को 1-1 लाख का बजट दिया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घोषणाओं का सच पता किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि इस बार पेश किया गया बजट पहला ऐसा बजट है, जिसको लेकर सदन में सबसे लंबी चर्चा हुई है।