Kullu: देवी-देवताओं के नजराने और बजंतरियों के मानदेय में 15 फीसदी बढ़ोतरी, दूरी भत्ता भी बढ़ाया
ढालपुर के अटल सदन के सभागार में अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने कुल्लू घाटी के देवी-देवताओं के नजराने में 15 प्रतिशत और बजंतरियों के मानदेय में भी 15 प्रतिशत की वृद्धि करने की घोषणा की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुल्लू दशहरा के समापन पर देव समाज को खुश कर दिया। ढालपुर के अटल सदन के सभागार में अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने कुल्लू घाटी के देवी-देवताओं के नजराने में 15 प्रतिशत और बजंतरियों के मानदेय में भी 15 प्रतिशत की वृद्धि करने की घोषणा की। उन्होंने कुल्लू दशहरा के लिए दूर-दूर से आने वाले देवताओं के दूरी भत्ते में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की। इसके अलावा मनाली, बंजार मणिकर्ण से आने वाले देवी देवताओं को भी अब 1500 रुपये का भत्ता मिलेगा। इन देवताओं को दूरी भत्ता नहीं दिया जाता था। उन्होंने हरिपुर और मणिकर्ण में दशहरे के आयोजन के लिए दी जाने वाली अनुदान राशि को एक लाख रुपये से बढ़ाकर 1.25 लाख रुपये और वशिष्ठ में दशहरा के लिए 75 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि नग्गर में भी दशहरा के उत्सव के लिए 50,000 रुपये का अनुदान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुल्लू दशहरा राज्य के सबसे महत्वपूर्ण उत्सवों में से एक है।
इसमें लाखों लोग उत्साह एवं उल्लास के साथ भाग लेते हैं। इस साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से कुल्लू दशहरा और भी ऐतिहासिक हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने न केवल इस उत्सव में भाग लिया, बल्कि विधिवत पूजा-अर्चना करके भगवान रघुनाथ का आशीर्वाद भी लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल्लू दशहरा की स्मारिका का विमोचन भी किया। उन्होंने कार्यक्रमों के विजेताओं को पुरस्कार भी दिए। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक किशोरी लाल, सुरेंद्र शौरी और पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह, एग्रो इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष युवराज बौद्ध, जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन, उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग, एसएसपी गुरदेव शर्मा, सहायक आयुक्त शशिपाल शर्मा, डॉ. अमरजीत शर्मा, जिला कारदार संघ के अध्यक्ष दोत राम और गोपाल कृष्ण महंत भी मौजूद रहे।
आठ जिलों में 1,008 करोड़ के 183 विकास कार्यों के उद्घाटन-शिलान्यास
चुनावी साल में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सूबे के विभिन्न जिलों को उद्घाटनों और शिलान्यासों की सौगात दे रहे हैं। कुल्लू से मंगलवार को सीएम ने हिमाचल के आठ जिलों में 1,008.42 करोड़ रुपये के 183 विकास कार्यों के वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किए हैं। इनमें 360.96 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के उद्घाटन और 647.46 करोड़ रुपये के शिलान्यास शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पिछले लगभग पांच वर्षों के दौरान राज्य के हर क्षेत्र का समान विकास सुनिश्चित किया है। सीएम ने हमीरपुर जिले के लिए 20.40 करोड़ की चार विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन और 33.82 करोड़ की तीन परियोजनाओं के शिलान्यास किए। वहीं, कांगड़ा जिले के लिए 108.98 करोड़ की 28 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और 225.35 करोड़ की 30 परियोजनाओं की आधारशिला रखी। सोलन जिले के तीन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 1.33 करोड़ रुपये की एक विकासात्मक परियोजना का उद्घाटन और 18.45 करोड़ की तीन परियोजनाओं के शिलान्यास किए हैं।
वहीं, ऊना जिले के लिए 39.69 करोड़ रुपये की आठ विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और 30.28 करोड़ की पांच परियोजनाओं के शिलान्यास शामिल हैं। इसके अलावा शिमला जिले के तीन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 45.16 करोड़ रुपये की सात परियोजनाओं के उद्घाटन और 3.31 करोड़ की एक परियोजना का शिलान्यास किया। मंडी जिले के लिए 54.54 करोड़ की 15 विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन किए और 108.32 करोड़ की 14 परियोजनाओं के शिलान्यास किए गए हैं। बिलासपुर जिले के लिए 56.61 करोड़ के छह विकास कार्यों के उद्घाटन और 101.88 करोड़ की 22 परियोजनाओं के शिलान्यास किए गए। जबकि, कुल्लू जिले के लिए 38.25 करोड़ की 10 विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन और 126.05 करोड़ की 21 परियोजनाओं के शिलान्यास किए।